त्योहारी सीजन में रेलवे ने बनाया नया रिकॉर्ड! 1.82 करोड़ यात्रियों को मंजिल तक पहुंचाया
यात्रियों की भीड़ संभालने के लिए 7,085 स्पेशल ट्रेन फेरे संचालित किए गए और नियमित ट्रेनों में 581 अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं. ये पिछले साल से 372% ज्यादा हैं.
Indian Railways : दीपावली और छठ मनाने के बाद अब लोग धीरे-धीरे अपने कामकाज पर लौटने लगे हैं. इसके चलते दिल्ली आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है. बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं.
बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों के प्रमुख शहरों से दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. इसके अलावा, यात्रियों की अतिरिक्त मांग को पूरा करने के लिए कुछ नियमित ट्रेनों के फेरे बढ़ाए गए हैं. वहीं, आरक्षित और अनारक्षित विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया जा रहा है.
1.82 करोड़ यात्रियों ने रेलवे से सफर किया
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, उत्तर रेलवे ने 2026 के पूजा और त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ का सफलतापूर्वक प्रबंधन करते हुए लगभग 1.82 करोड़ यात्रियों की सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक आवाजाही सुनिश्चित की है. रणनीतिक क्षमता वृद्धि, विशेष रेलगाड़ियों के विस्तारित फेरे , अतिरिक्त कोचों के संयोजन (ऑगमेंटेशन) और यात्री मांग की निरंतर निगरानी के माध्यम से, इस जोन ने पिछले वर्ष के अपने परिचालन मानदंडों से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है, अन्य क्षेत्रीय रेलों (जोनल रेलवे) के साथ समन्वय करते हुए उत्तर रेलवे ने 2025 की त्योहारी अवधि की तुलना में अपनी सेवाओं में इस वर्ष विस्तार किया है.
ये भी पढ़ें : 'देश में उड़ान भरने के लिए विमानों की भारी किल्लत, भारत को 1000 नए प्लेन की जरूरत'
पिछले वर्ष की तुलना में 10 लाख यात्रियों की ग्रोथ
विशेष रेलगाड़ियों के परिचालन में ग्रोथ: उत्तर रेलवे और समन्वयक क्षेत्रीय रेलों ने 2026 के त्योहारी सीजन के दौरान विशेष रेलगाड़ियों के 7,085 फेरे (ट्रिप) संचालित किए, जो पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान संचालित 4,666 फेरों की तुलना में एक बड़ी ग्रोथ है. त्योहारी भीड़ को कम करने के लिए प्रतिदिन औसतन लगभग 54 अतिरिक्त विशेष ट्रेन फेरे संचालित किए गए.
लगभग 1.82 करोड़ यात्रियों को यात्रा सुविधा: नियमित और विशेष सेवाओं के माध्यम से कुल यात्री संख्या लगभग 1.82 करोड़ तक पहुंच गई, जो पिछले वर्ष के 1.72 करोड़ की तुलना में लगभग 10 लाख यात्रियों की समग्र वृद्धि दर्शाती है.
दैनिक यात्री प्रबंधन लगभग 3.91 लाख से बढ़कर 4.14 लाख यात्री प्रतिदिन हो गया, जिससे प्रतिदिन लगभग 22,700 अतिरिक्त यात्रियों को सुविधा मिली. कुल यात्रियों में से लगभग 1.66 करोड़ यात्रियों ने नियमित रेल सेवाओं के माध्यम से यात्रा की, जबकि 12.83 लाख यात्रियों को विशेष 'ट्रेन ऑन डिमांड' (TOD) सेवाओं के माध्यम से गंतव्य तक पहुंचाया गया.
कोच संयोजन (ऑगमेंटेशन) में 372% की ग्रोथ: अधिक मांग वाले मार्गों पर क्षमता को अधिकतम करने के लिए, उत्तर रेलवे ने त्योहारी अवधि के दौरान नियमित रेलगाड़ियों में 581 अतिरिक्त कोच जोड़े, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान 123 कोच जोड़े गए थे- जो लगभग 372% की वृद्धि दर्ज करता है.
विशेष सेवाओं के माध्यम से और भीड़ तथा मांग की वास्तविक समय (रियल-टाइम) निगरानी के संयोजन से, उत्तर रेलवे ने अपने पूरे नेटवर्क में लाखों त्योहारी यात्रियों के लिए विश्वसनीय संपर्क और बेहतर यात्रा सुनिश्चित की है.