App

सामान चोरी होने की चिंता खत्म: इन रेलवे स्टेशनों पर 24 घंटे मिलेगी OTP वाले लॉकर की सुविधा; क्या होगा चार्ज और कैसे होगी बुकिंग?

OTP Based Locker System: नॉर्थ रेलवे की तरफ से दिल्ली के खास रेलवे स्टेशनों पर OTP बेस्ड डिजिटल लॉकर सुविधा की शुरुआत की गई है. नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे मिलने वाली इस सुविधा के बारे में विस्तार से जानिए.

सामान चोरी होने की चिंता खत्म: इन रेलवे स्टेशनों पर 24 घंटे मिलेगी OTP वाले लॉकर की सुविधा; क्या होगा चार्ज और कैसे होगी बुकिंग?

Digital Locker at Railway Station: अगर आप भी अक्सर ट्रेन से सफर करते हैं तो यह खबर आपके काम की है. रेलवे की तरफ से लगातार यात्री सुविधाओं पर काम किया जा रहा है. इसी को जारी रखते हुए दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर बड़ी और आधुनिक सुविधा को शुरू किया गया है. इस सुविधा के शुरू होने के बाद यात्रियों को भारी-सामान साथ लेकर घूमने या ट्रेन का इंतजार करने से राहत मिलेगी. रेलवे की तरफ से इस सुविधा को नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल पर शुरू किया गया है. इसके तहत यात्रियों को सेल्फ-ऑपरेटेड OTP बेस्ड डिजिटल लॉकर सिस्टम मिलेगा. नॉर्थ रेलवे ने दिल्ली के चार अहम रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए डिजिटल लॉकर सिस्टम की शुरुआत की है.

डिजिटल लॉकर सिस्टम पूरी तरह से ऑटोमेटिक OTP बेस्ड है. इसका मकसद ऐसे यात्रियों को राहत देना है जिनके पास ट्रेनों के बीच लंबा वेटिंग टाइम होता है या जो स्टेशन पर सामान छोड़कर शहर घूमना चाहते हैं. नॉर्थ रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि डिजिटल लॉकर के जरिये यात्री अपने कीमती सामान को बिना किसी रेलवे कर्मचारी की मदद के पूरी सुरक्षा के साथ रख सकते हैं. मौजूदा समय में यह सुविधा नई दिल्ली (NDLS) और हजरत निजामुद्दीन (NZM) स्टेशन पर शुरू कर दी गई है. बहुत जल्द इसे आनंद विहार टर्मिनल (ANVT) और दिल्ली दिल्ली जंक्शन (DLI) पर शुरू किया जाना है.

कैसे काम करता है लॉकर सिस्टम

नए सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत इसका पूरी तरह से डिजिटल सिक्योर होना है. स्टेशन पर बने डिजिटल लॉकर पैनल के पास टचस्क्रीन निटर लगाया गया है. किसी भी यात्री को भी लॉकर यूज करने के लिए सबसे पहले मॉनिटर पर अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा. इसके बाद यूजर के मोबाइल पर OTP भेजा जाएगा. OTP को सिस्टम में दर्ज करते ही वेरिफिकेशन प्रोसेस पूरा हो जाएगा. इस प्रोसेस में किसी भी इंसानी दखल की जरूरत नहीं होती.

लॉकर बुक करने का प्रोसेस

मोबाइल पर OTP आने के बाद वेरिफिकेशन प्रोसेस करके यात्री जरूरत के हिसाब से लॉकर और टाइम सिलेक्ट कर सकते हैं. यात्री अपने लगेज या फिर सामान के साइज के हिसाब से छोटा या बड़ा लॉकर सिलेक्ट कर सकते हैं. लॉकर का साइज और टाइम सिलेक्ट करने के बाद स्क्रीन पर पेमेंट का ऑप्शन दिखाई देगा. यात्री गूगल पे, फोनपे, पेटीएम या क्रेडिट / डेबिट कार्ड के जरि ये पेमेंट कर सकेंगे. पेमेंट प्रोसीड होने के बाद लॉकर का डोर अपने आप खुल जाएगा. इसके बाद यात्री सामान अंदर रखकर लॉकर बंद कर सकते हैं.

वापस कैसे निकलेगा सामान?

जब यात्री अपना सामान लेने के लिए वापस आएंगे तो उन्हें फिर से उसी रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर का यूज करना होगा. मॉनिटर पर मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद फिर से OTP आएगा. OTP वेरिफिकेशन होने के बाद स्क्रीन पर 'रिलीज' (Release) का ऑप्शन दिखाई देगा. जैसे ही यात्री 'रिलीज' पर क्लिक करेंगे, उनका लॉकर अनलॉक हो जाएगा और वे अपना सामान निकाल सकेंगे.

स्टेशन पर कहां होंगे ये लॉकर

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ये डिजिटल लॉकर मेन हॉल में प्लेटफार्म नंबर 16 के पास और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के ठीक नीचे हैं. वहीं, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर लॉकर सिस्टम मेन एंट्री गेट के पास सीढ़ियों के पास लगाए गए हैं. ये लॉकर दोनों स्टेशनों पर 24 घंटे और हफ्तों के 7 दिन (24x7) चालू रहेंगे. यात्री दिन या रात के किसी भी समय रेलवे की इस सुविधा का फायदा उठा सकते हैं.

यात्रियों को मिलेंगे कई फायदे

इस कदम को रेलवे की तरफ से यात्रियों के सफर को आरामदायक और तकनीक से भरपूर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है. पर्यटकों और कमर्शियल टूर पर आए लोगों के लिए यह सुविधा बेहद काम की है. इन लॉकर के शुरू होने के बाद यात्रीयों को भारी-भरकम बैग को शहर में लेकर घूमने की जरूरत नहीं होगी. इसके अलावा डिजिटल पेमेंट सपोर्ट और OTP सिक्योरिटी के कारण यह पारंपरिक क्लॉक रूम के मुकाबले कहीं ज्यादा सुविधाजनक और समय बचाने वाली व्यवस्था है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More