'मजबूत बैंक, दमदार अर्थव्यवस्था...' वित्त मंत्री का बड़ा बयान, बोलीं- भारत को अपनी ताकत पर गर्व होना चाहिए
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि मजबूत बैंकिंग सिस्टम, बड़ा घरेलू बाजार और मध्यम वर्ग की बढ़ती क्रय शक्ति भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं.
Union Finance Minister Nirmala Sitharaman : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत के बाजारों और अर्थव्यवस्था की मजबूती के पीछे यहां के लोगों की मेहनत, एक बड़ा घरेलू बाजार और मध्यम वर्ग की बढ़ती क्रय शक्ति (खरीदने की क्षमता) का योगदान है.
HSBC के 'एल्गोरिदम ऑफ इंक्लूजन' कार्यक्रम में सीतारमण ने कहा कि भारत को अपनी आर्थिक संभावनाओं को लेकर और अधिक आशावादी और आत्मविश्वासी होने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि बैंक अच्छी स्थिति में हैं और अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है. उन्होंने लोगों से खुद पर भरोसा रखने और भारत के बारे में पूरे आत्मविश्वास के साथ बात करने का आग्रह किया है.
सीतारमण ने राजनीतिक स्थिरता और गरीबी दूर करने की दिशा में सरकार के लगातार प्रयासों को भी उन कारकों के रूप में रेखांकित किया, जो अर्थव्यवस्था को और मजबूत बनाते हैं.
देश को आर्थिक ताकत पर अधिक भरोसा दिखाने की जरूरत : सीतारमण
सीतारमण ने कहा कि भारत को अपनी आर्थिक ताकत पर अधिक भरोसा दिखाने की जरूरत है. फ्यूल की समय पर उपलब्धता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश में सप्लाई समय पर पहुंच रही है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भारत की क्षमताओं पर भरोसा रखें और कहा कि देश को अपने बारे में और अधिक आत्मविश्वास के साथ बात करने की जरूरत है.
वित्त मंत्री ने कहा कि बढ़ता हुआ मध्यम वर्ग और उसकी बढ़ती क्रय शक्ति (खरीदने की क्षमता) देश की आर्थिक मजबूती में योगदान दे रहे हैं.
'2047 तक सभी के लिए बीमा सरकार की प्राथमिकता'
सीतारमण ने कहा कि 2047 तक सभी भारतीयों को बीमा कवरेज उपलब्ध कराना सरकार का एक प्रमुख लक्ष्य है. उन्होंने बताया कि 'सभी के लिए बीमा' सरकार के एजेंडे में सबसे ऊपर है.
उन्होंने ये भी कहा कि सरकारी बीमा योजनाओं के तहत प्रीमियम को बहुत कम रखा गया है, ताकि हर कोई बीमा ले सके. उन्होंने समाज के सभी वर्गों तक क्रेडिट (ऋण) की पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया और वित्तीय समावेशन को एक महत्वपूर्ण प्राथमिकता बताया.
'युवा आबादी को स्किल से लैस करने की जरूरत'
सीतारमण ने कहा कि भारत को अपनी युवा आबादी को स्किल से लैस करने की जरूरत है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी नौकरियों के लिए आवश्यक हैं. उन्होंने युवाओं के स्किल के महत्व पर जोर दिया, ताकि उन्हें रोजगार के बदलते अवसरों के लिए तैयार किया जा सके, क्योंकि AI को अपनाए जाने से काम का स्वरूप बदल रहा है.