App

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बड़ा अपडेट, मार्को रुबियो ने बताया कितना आगे बढ़ा मामला?

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि भारत और अमेरिका ट्रेड डील के काफी करीब हैं और समझौते से जुड़ी कुछ छोटी अड़चनों को जल्द दूर कर लिया जाएगा. उन्होंने भारत को अमेरिका का अहम आर्थिक और कारोबारी साझेदार बताया.

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बड़ा अपडेट, मार्को रुबियो ने बताया कितना आगे बढ़ा मामला?
Image Credit: रुबियो के मुताबिक, कुछ छोटी चीजों की संख्या रह गई है और उन्हें जल्दी ही समाप्त कर लिया जाएगा | X/@DrSJaishankar

India-US Trade Deal : अमेरिका के स्टेट सेक्रेटरी मार्को रुबियो ने मंगलवार को भारत को यूएसए के लिए एक अहम आर्थिक साझेदार बताया और कहा कि दोनों देशों के बीच ट्रेड डील जल्द होगी. अपने भारत दौरे के दौरान विदेश मंत्री एस.जयशंकर से बातचीत के बाद रुबियो ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'भारत दुनिया की सबसे अधिक आबादी वाला देश होने के साथ-साथ सबसे बड़ा लोकतंत्र भी है. वह अमेरिका के लिए एक अहम कमर्शियल और बिजनेस साझेदार है.'

ट्रेड डील करने के काफी करीब : रुबियो

उन्होंने ट्रेड डील पर आगे कहा कि स्टेट डिपार्टमेंट ट्रेड डील पर बातचीत नहीं करता, लेकिन हम इससे जुड़े हुए हैं. मैं ये कह सकता हूं कि हम ट्रेड डील करने के काफी करीब है. उन्होंने आगे कहा, 'मैं कहूंगा कि बिना किसी यूनियन के इस समझौते को करने के लिए हम जितना करीब हो सकते हैं, उतने करीब हैं.'

रुबियो के मुताबिक, कुछ छोटी चीजों की संख्या रह गई है और उन्हें जल्दी ही समाप्त कर लिया जाएगा. मुझे लगता है जल्द ही यह हो जाएगी. 
इसके अलावा, रूस के पास ब्लैक सी में हुए हमलों पर रुबियो ने कहा कि इस पर हमने चिंता जताई है और बार-बार खुलकर कहा है कि हमें नहीं लगता कि ब्लैक सी में जहाजों पर हमले होने चाहिए. हम कई महीनों से इस बारे में शिकायत करते आ रहे हैं. अमेरिकी कंपनियों ने हमें फोन भी किया है.

रुबियो 20-22 अक्टूबर तक भारत के दौरे पर हैं

जब अमेरिकी कंपनियां हमें फोन करके बताती हैं कि उनके कार्गो पर हमला हुआ है और ऐसा कई बार हो चुका है. यही वह बात है जिससे परेशानी पैदा हुई है. मुझे लगता है कि असल स्थिति ये है कि मामला सिर्फ एक घटना तक सीमित नहीं है. अमेरिका के स्टेट सेक्रेटरी रुबियो 20-22 अक्टूबर तक भारत के दौरे पर हैं. इस दौरान वे मुंबई के साथ-साथ गुजरात के जामनगर भी जाएंगे.

रुबियो ने क्या-क्या कहा?

मार्को रुबियो ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश है. दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है. उन्होंने कहा, 'हम रक्षा के क्षेत्र में भी काफी सहयोग करते हैं. भारत 'क्वाड' का एक अहम सदस्य है और हमारा एक मजबूत रणनीतिक साझेदार है. ये अमेरिका का एक महत्वपूर्ण व्यापारिक और निवेश साझेदार है.'

एनर्जी डिमांड को पूरा करने में भारत क्या भूमिका निभा सकता है?

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से जब पूछा गया कि दुनिया की एनर्जी डिमांड को पूरा करने में भारत क्या भूमिका निभा सकता है, तो अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि भारत रिफाइनिंग के मामले में एक महाशक्ति है. उनके पास भारी कच्चे तेल को रिफाइन करने की क्षमता है. उन्होंने पहले भी ऐसा किया है और मुझे लगता है कि जैसे-जैसे वेनेजुएला से और अधिक तेल उपलब्ध होगा, भारत ऐसा कर सकता है.

इसके अलावा उन्होंने कहा कि वेनेजुएला में भारत के पास पहले से ही तेल रियायतें मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल करके वे खुद और अधिक उत्पादन कर सकते हैं. तो, ये सभी सकारात्मक बातें हैं. मैं ये दावा नहीं कर रहा हूं कि दुनिया भर में हो रही घटनाओं की वजह से जो कमी आ सकती है. उसे अकेले वेनेजुएला पूरा कर देगा, लेकिन मुझे लगता है कि समय के साथ ऐसा बिल्कुल हो सकता है और कम समय में भी ये निश्चित रूप से मददगार साबित हो सकता है तो, हम इसी बारे में बात करेंगे. भारत के साथ हमने पहले भी इस पर चर्चा की है और वे तैयार दिखते हैं. वे ऐसा करने के इच्छुक हैं. हालांकि, प्रतिबंधों वगैरह के रूप में कुछ रुकावटें आ सकती हैं, जिन्हें हमें मिलकर सुलझाना होगा.'

(ANI के इनपुट के साथ)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav Singh

Gaurav Singh

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More