App

ICICI बैंक ने बदला डोमेन URL, क्यों हुआ बदलाव? क्या आपको भी बदलना होगा यूजर आईडी और पासवर्ड

ICICI Bank: आईसीआईसीआई बैंक ने RBI के निर्देशों के तहत अपनी वेबसाइट और नेट बैंकिंग एड्रेस को नए .bank.in डोमेन पर शिफ्ट कर दिया है. यह बदलाव आरबीआई की तरफ से दिशा-निर्देश दिये जाने के बाद किया गया है। अब क्या आपको अपना यूजर आईडी और पासवर्ड बदलना होगा?

ICICI बैंक ने बदला डोमेन URL, क्यों हुआ बदलाव? क्या आपको भी बदलना होगा यूजर आईडी और पासवर्ड

ICICI Bank New URL: अगर आपका भी आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) में अकाउंट है तो यह खबर आपके काम की है. जी हां, देश के दिग्गज प्राइवेट बैंक आईसीआईसीआई ने अपने इंटरनेट बैंकिंग और ऑफिशियल वेबसाइट के डोमेन में बड़ा बदलाव किया है. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के दिशा-निर्देश का पालन करते हुए बैंक ने अपनी सर्विस को नए और सुरक्षित .bank.in डोमेन पर शिफ्ट किया है. यदि आप ICICI बैंक कस्टमर हैं और नेट बैंकिंग यूज करते हैा तो आपके लिए यह जानना जरूरी है कि अब से आपको किस लिंक पर जाकर लॉगइन करना होगा और कौन से नए सेफ्टी फीचर्स जोड़े गए हैं?

आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) ने ऑफिशियल वेबसाइट और इंटरनेट बैंकिंग सर्विस को पुराने एड्रेस से हटाकर नए .bank.in डोमेन पर ट्रांसफर किया है. बैंक का नया इंटरनेट बैंकिंग एड्रेस retailnetbanking.icicibank.com से बदलकर retailnetbanking.icici.bank.in हो गया है. इसी तरह बैंक की वेबसाइट का एड्रेस www.icicibank.com से बदलकर www.icici.bank.in हो गया है. बैंक की तरफ से अपने सभी कस्टमर को सलाह दी गई है कि यदि उन्होंने अपने ब्राउजर में पुराने लिंक सेव या बुकमार्क कर रखे थे तो उन्हें तुरंत नए यूआरएल (URL) से अपडेट कर लें.

RBI के निर्देश पर क्यों बदला डोमेन?

डोमेन माइग्रेशन रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के उस अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत सभी बैंकों को एक्सक्लूसिव .bank.in इंटरनेट डोमेन पर शिफ्ट किया जा रहा है. आरबीआई (RBI) ने 22 अप्रैल 2025 को जारी सर्कुलर में सभी बैंकों को 31 अक्टूबर 2025 तक अपने इंटरनेट बैंकिंग पोर्टल को नए डोमेन पर ट्रांसफर करने का निर्देश दिया था. आरबीआई (RBI) के इस कदम का मकसद बैंकिंग सर्विस के लिए एक सुरक्षित और समर्पित इंटरनेट स्पेस बनाना है, ताकि आम कस्टमर असली बैंकिंग वेबसाइट और फर्जी या साइबर फ्रॉड वाली वेबसाइट के बीच आसानी से पहचान कर सकें.

क्या बदल जाएगा कस्टमर आईडी और पासवर्ड?

आमतौर पर वेबसाइट चेंज होने पर कस्टमर्स को री-रजिस्ट्रेशन का डर रहता है. लेकिन ICICI बैंक के मामले में ऐसा नहीं हो रहा. बैंक की तरफ से साफ किया गया कि डोमेन बदलने से कस्टमर्स के लॉगइन क्रेडेंशियल्स पर किसी तरह का असर नहीं पड़ेगा. आपका मौजूदा कस्टमर आईडी (Customer ID) और पासवर्ड पूरी तरह वैलिड रहेगा और आप उसी से नए .bank.in पोर्टल पर लॉगइन कर सकते हैं. कस्टमर्स को फिर से रजिस्ट्रेशन करने या नया पासवर्ड बनाने की जरूरत नहीं है. हालांकि, लॉगइन करते समय यह तय करना बहुत जरूरी है कि आप केवल नए ऑफिशियल डोमेन पर ही मौजूद हैं.

नेट बैंकिंग में जुड़ा कैप्चा फीचर

सिक्योरिटी को और ज्यादा मजबूत करने के लिए आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) ने अपने नेट बैंकिंग लॉगइन पेज पर नया कैप्चा (CAPTCHA) फीचर शामिल किया है. यह एक्स्ट्रा सिक्योरिटी लेवल ऑटोमेटिक बॉट्स और साइबर अटैक से अकाउंट को सिक्योर करती है और कस्टमर को ज्यादा सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग एक्सपीरियंस देगी. इसके अलावा बैंक ने मेंटीनेंस (maintenance) के कारण आईमोबाइल (iMobile) ऐप सर्विस को कुछ घंटे के लिए मुहैया नहीं कराया.

फ्रॉड से बचने के लिए कस्टमर क्या करें?

साइबर फ्रॉड से बचने के लिए कस्टमर्स को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है. सबसे पहले अपने ब्राउजर में सहेजे गए पुराने शॉर्टकट को हटाकर नया .bank.in एड्रेस बुकमार्क करें. इसके अलावा ई-मेल, एसएमएस (SMS) या व्हाट्सएप पर मिलने वाले किसी भी लिंक पर क्लिक करके लॉगइन नहीं करें. हमेशा एड्रेस बार में www.icici.bank.in खुद टाइप करके ही वेबसाइट ओपन करें ताकि आप किसी भी फर्जी वेबसाइट या फिशिंग स्कैम का शिकार होने से बच सकें.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More