)
UPI Lite limit: आज के डिजिटल ट्रांजेक्शन के दौर में चाय के 10 रुपये का पेमेंट करना हो या फिर लाखों रुपये का टैक्स भरना हो. यूपीआई (UPI) हर किसी की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है. लेकिन क्या आपको पता है कि यूपीआई (UPI) की लिमिट हर काम के लिए एक बराबर नहीं होती. जी हां, यूपीआई से पेमेंट करने की लिमिट हर मामले में अलग-अलग होती है. ज्यादातर लोगों को यही पता है कि UPI से महज एक लाख रुपये तक ही भेजे जा सकते हैं. लेकिन सच यह है कि कई कामों के लिये आप 5 लाख रुपये तक का भी भुगतान कर सकते हैं. इससे यह साफ है कि कुछ मामलों में यूपीआई की लिमिट 5 लाख रुपये की होती है.
एनपीसीआई (NPCI) के अनुसार नॉर्मल UPI पेमेंट की लिमिट आमतौर पर प्रति ट्रांजैक्शन 1 लाख रुपये तक होती है. यदि आप किसी दुकानदार को पैसे भेज रहे हैं या अपने किसी दोस्त के अकाउंट में पैसा ट्रांसफर कर रहे हैं तो एक लाख रुपये तक की लिमिट लागू होती है.
किसी दोस्त या रिश्तेदार के अकाउंट में पैसा भेजने के लिए भले ही एक लाख रुपये तक की लिमिट लागू रहती है. लेकिन आरबीआई (RBI) और एनपीसीआई (NPCI) ने कुछ खास कामों के लिए यूपीआई (UPI) की लिमिट को बढ़ाकर पहले ही 5 लाख रुपये कर दिया है. अगर आप भी इनकम टैक्स या किसी अन्य प्रकार का टैक्स भर रहे हैं, तो आप एक बार में 5 लाख रुपये तक का ट्रांजेक्शन कर सकते हैं. इसके अलावा आईपीओ (IPO) सबस्क्रिप्शन, RBI रिटेल डायरेक्ट स्कीम, अस्पताल के बिल और स्कूल-कॉलेज की फीस भरने के लिए भी 5 लाख तक की लिमिट तक की गई है. इंश्योरेंस और लोन पेमेंट जैसी कैटेगरी में भी इस ढील का फायदा मिलता है.

छोटे पेमेंट्स को आसान बनाने के लिए शुरू किए गए UPI Lite में हर ट्रांजेक्शन के लिये 1,000 रुपये तक की लिमिट तय की गई है. इसके अलावा इस वॉलेट में कुल बैलेंस 5,000 रुपये तक रखा जा सकता है. बिना इंटरनेट वाले फीचर फोन यूजर्स के लिए बनाए गए UPI 123Pay के जरिये आप एक बार में 10,000 रुपये तक का ट्रांजेक्शन कर सकते हैं.
NPCI की तरफ से भले ही एक लाख या 5 लाख रुपये तक की लिमिट तय की गई हो लेकिन आपके बैंक के पास यह अधिकार होता है कि वह सिक्योरिटी कारणों से अपनी खुद की कम लिमिट तय कर सके. अगर आपका ट्रांजेक्शन 5 लाख रुपये की लिमिट में आता है फिर भी पेमेंट नहीं हो रहा, तो इसका मतलब यह है कि आपके बैंक या UPI ऐप ने डेली की लिमिट कम तय कर रखी है. इसलिए बड़ा पेमेंट करने से पहले अपने बैंक की लिमिट जरूर चेक कर लें.