दाम बढ़ने से गोल्ड लोन में उछाल, डिफॉल्ट बढ़ने से बैंकों की उड़ी नींद; आपकी जेब पर क्या होगा असर?
साल 2025 में सोने के दाम में जबरदस्त उछाल आया तो देश का गोल्ड लोन मार्केट 60.6% बढ़कर 23.3 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया. लेकिन समय पर ईएमआई नहीं चुका पाने के मामलों में भी बढ़ोतरी हुई है. CRIF की हालिया रिपोर्ट में चौंकाने वाले आंकड़े आए हैं.
आजकल के दौर में जरूरत के समय गोल्ड लोन लेना आम हो गया है. घर में शादी हो या फिर घर खरीदना हो...लोग लोन का सहारा ले रहे हैं. घर में रखे सोने को गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेने का क्रेज लोगों के बीच बढ़ गया है. लेकिन इस चमकती तस्वीर के पीछे चिंताजनक पहलू छिपा है. आंकड़ों के अनुसार देश में लोन लेने वालों की रफ्तार जितनी तेज हुई है, उतनी ही तेजी से टाइम पर ईएमआई (EMI) नहीं चुका पाने बढ़ रहे हैं. यह खुलासा क्रेडिट इंफारमेशन कंपनी CRIF की रिपोर्ट में हुआ है. इस रिपोर्ट ने देश के लोन मार्केट का कच्चा-चिट्ठा खोलकर रख दिया है.
CRIF की रिपोर्ट के अनुसार सितंबर 2026 तक देश का कुल रिटेल क्रेडिट पोर्टफोलियो सालाना बेस पर 18.8 फीसदी की तेजी के साथ 185.2 लाख करोड़ पर पहुंच गया. इस जबरदस्त ग्रोथ के पीछे सबसे बड़ा हाथ गोल्ड लोन और कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन का है. कुछ सेगमेंट में कर्ज वापसी में देरी यानी डिफॉल्ट के संकेत साफ दिखने लगे हैं. आंकड़ों पर गौर करें तो बकाया गोल्ड लोन में सालाना आधार पर 60.6 प्रतिशत का जबरदस्त उछाल आया है और यह 23.3 लाख करोड़ तक पहुंच गया. आसान शब्दों में आप इसे इस तरह भी कह सकते हैं कि रिटेल लोन की तेजी का इंजन गोल्ड लोन ही बना हुआ है.
DNA: हॉलमार्क देखकर न हों बेफिक्र! सोने की शुद्धता की गारंटी नहीं, CAG की रिपोर्ट ने खोली BIS की पोल
लोन का री-पेमेंट समय पर नहीं कर पा रहे लोग
लेकिन चिंता का कारण यह है कि गोल्ड लोन लेने वाले कई लोग समय पर पैसा नहीं लौटा पा रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार गोल्ड लोन में 31 से 90 दिन के अंदर पेमेंट में देरी जून तिमाही के 0.9 फीसदी से बढ़कर सितंबर 2026 में 1.3 फीसदी पर पहुंच गई. यानी ज्यादातर लोगों को अपनी किस्त के री-पेमेंट में देरी हो रही है. गोल्ड लोन ही नहीं यह दवाब पर्सनल लोन लेने वालों की जेब पर भी दबाव साफ नजर आ रहा है. पर्सनल लोन के मामले में 91 से 180 दिन तक पेमेंट अटकने की दर जून के 0.8 फीसदी से बढ़कर सितंबर 2026 में 1.1 फीसदी हो गई.
इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन लेने वालों में भी खासतौर पर 50,000 रुपये से कम के लोन और NBFC से लिए गए लोन में 91 से 180 दिन की देरी बढ़ी है. टू-व्हीलर की बात करें तो इस सेग्मेंट के बकाया कर्ज में पिछली तिमाही के मुकाबले 5.2 प्रतिशत की गिरावट आई है.
रिपोर्ट के अनुसार अलग-अलग कैटेगरी में लोन लेने का ट्रेंड
- कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन: खपत से जुड़ी अहम कैटेगरी में इसकी रफ्तार सबसे तेज रही, यह सालाना 44.5 फीसदी और तिमाही बेस पर 6.3 फीसदी बढ़कर 1.3 लाख करोड़ रुपये हो गई.
- सिक्योर्ड बिजनेस लोन: छोटे और मिड लेवल वाले कारोबारियों ने भी जमकर कर्ज लिया. इससे यह पोर्टफोलियो 45.2 प्रतिशत बढ़कर 19.6 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया.
- ऑटो लोन: गाड़ियों के लिए लिये जाने वाले लोन में 18.2 प्रतिशत की बढ़त देखी गई और यह 10.2 लाख करोड़ रुपये रहा.
- पर्सनल लोन: इसमें 13.8 प्रतिशत का इजाफा हुआ और लोन का कुल आंकड़ा 17.5 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया.
- हाउसिंग लोन: घर खरीदने के लिए लोन का आंकड़ा 10.4 फीसदी की रफ्तार से बढ़कर 46.4 लाख करोड़ रुपये हो गए.
खुदरा के बाद थोक महंगाई दर ने तोड़ा रिकॉर्ड, 12% के पार पहुंचा आंकड़ा; आम आदमी पर क्या होगा असर?
बड़े लोन की तरफ बढ़ रहा है रुझान
फाइनेंशियल ईयर 2027 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) में नए गोल्ड लोन बांटने की कुल वैल्यू सालाना बेस पर 27.2 फीसदी बढ़कर 8.2 लाख करोड़ रुपये रही. दिलचस्प यह है कि इस दौरान लोन लेने वालों की संख्या 4.1 प्रतिशत की गिरावट आई है. इसका मतलब यह हुआ कि अब लोग बड़ी रकम का लोन ले रहे हैं. एवरेज लोन साइज 32.7 फीसदी बढ़कर 2.2 लाख रुपये हो गया. इतना ही नहीं 5 लाख रुपये या इससे ज्यादा बड़े गोल्ड लोन की हिस्सेदारी कुल वैल्यू में 40.3 फीसदी रही. भौगोलिक रूप से आंकड़ों पर गौर करें तो देश के गोल्ड लोन पोर्टफोलियो में 70 फीसदी से ज्यादा हिस्सा आज भी साउथ के राज्यों का है.
बाजार में 'प्रीमियमाइजेशन' का दौर दिख रहा है जहां लोग बड़ी रकम के लोन ज्यादा ले रहे हैं. लेकिन छोटे कर्जदारों के लिए हालात थोड़े मुश्किल दिख रहे हैं. लगातार बढ़ रही महंगाई और घर खर्च के बीच 50,000 रुपये या एक लाख रुपये से कम वाले लोन लेने की समय पर ईएमआई (EMI) देना चुनौती भरा साबित हो रहा है. यदि आप गोल्ड लोन या पर्सनल लोन लेने की सोच रहे हैं तो अपनी जेब और रीपेमेंट कैपेसिटी का सही हिसाब लगाकर ही कदम बढ़ाएं.