App

Elon Musk Net Worth: मस्क ने फिर बनाया रिकॉर्ड! कैसे 24 घंटे में पलटी किस्मत और बन गए 1 ट्रिलियन डॉलर के मालिक

SpaceX Share Jump: एलन मस्क एक बार फिर से एक ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति के मालिक बन गए हैं. उनकी संपत्ति में यह तेजी स्पेसएक्स के शेयरों में उछाल और टेस्ला की तरफ से शानदार बिक्री किये जाने के बाद देखी जा रही है. शेयर में तेजी आने के बाद मस्क की दौलत बढ़कर 1.04 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गई है.

Elon Musk Net Worth: मस्क ने फिर बनाया रिकॉर्ड! कैसे 24 घंटे में पलटी किस्मत और बन गए 1 ट्रिलियन डॉलर के मालिक

Elon Musk Net Worth: दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने एक बार फिर से इतिहास रच दिया है. मस्क की नेटवर्थ एक बार फिर से बढ़कर 1 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गई है. कुछ महीने पहले भी मस्क दुनिया के पहले ट्रिलेनियर बने थे. लेकिन उस समय शेयरों में भारी गिरावट के कारण उन्होंने अरबों डॉलर की संपत्ति गंवा दी थी. लेकिन अब मस्क ने फिर से शानदार वापसी की है. इस बार मस्क की कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) और टेस्ला (Tesla) के शेयरों में आई भारती तेजी से उनकी संपत्ति में बढ़ोतरी देखी गई है.

फोर्ब्स की तरफ से जारी किये जाने वाले रियल टाइम बिलियनेयर्स डेटा के अनुसार 5 अक्टूबर को एलन मस्क की संपत्ति बढ़कर करीब 1.04 ट्रिलियन डॉलर हो गई. एक ही दिन में उनकी संपत्ति में 65 बिलियन डॉलर का भारी उछाल दर्ज किया गया है. स्पेसएक्स (SpaceX) के शेयरों में करीब 8% की तेजी आने के बाद मस्क की संपत्ति में जोरदार उछाल आया है. मस्क की संपत्ति का बड़ा हिस्सा उनकी कंपनियों के शेयरों से जुड़ा है. यही कारण है कि शेयर बाजार में एक दिन के अच्छे प्रदर्शन के बाद मस्क को अरबों डॉलर का फायदा हुआ है.

SpaceX के शेयरों ने लगाई छलांग

मस्क की संपत्ति में आए उछाल का सबसे बड़ा कारण स्पेसएक्स के शेयर में आई तेजी है. मॉर्गन स्टेनली के एनालिस्ट ने स्पेसएक्स के शेयरों को मौजूदा दाम पर काफी आकर्षक बताया है. उन्होंने कहा कि स्टारशिप प्रोजेक्ट, एआई प्रोडक्ट्स और नए क्लाउड कंप्यूटिंग कॉन्ट्रैक्ट्स के दम पर कंपनी के पास ग्रोथ की काफी संभावनाएं हैं. इस रिपोर्ट के सामने आते ही निवेशकों ने स्पेसएक्स (SpaceX) के शेयरों में जमकर खरीदारी शुरू कर दी और मस्क की दौलत में रातोंरात अरबों डॉलर का इजाफा हो गया.

मस्क की दौलत को टेस्ला से मिला सपोर्ट

स्पेसएक्स (SpaceX) के अलावा मस्क की इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के शेयरों ने भी वापसी में अहम भूमिका निभाई है. टेस्ला के तीसरी तिमाही (Q3) के डिलीवरी आंकड़े बाजार की उम्मीद से बेहतर आए हैं. इन आंकड़ों के सामने आने के बाद टेस्ला के शेयरों में तेजी दर्ज की गई. हालांकि, स्पेसएक्स की पब्लिक लिस्टिंग के बाद यह मस्क की संपत्ति की सबसे बड़ा जरिया बन गई. टेस्ला मस्क की नेटवर्थ का बेहद मजबूत आधार बनी हुई है.

ट्रिलियनेयर बनने तक का सफर

एलन मस्क की कंपनियों के शेयर में हल्का उतार-चढ़ाव होने पर भी उनकी नेटवर्थ पर इसका असर बड़ा दिखाई देता है. जून 2026 में स्पेसएक्स (SpaceX) की लिस्टिंग के बाद मस्क पहली बार ट्रिलियनेयर बने थे. उस समय उनकी दौलत बढ़कर 1.32 ट्रिलियन डॉलर के करीब पहुंच गई थी. लेकिन इसके बाद उनकी कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट आई और जून के आखिर तक उनकी संपत्ति घटकर 957 बिलियन डॉलर रह गई. मिडिल ईस्ट क्राइसिस के बाद अगस्त की शुरुआत में यह गिरकर 684 बिलियन डॉलर रह गई. एक बार फिर से बाजार में आई तेजी के बाद मस्क की संपत्ति उछलकर 1 ट्रिलियन डॉलर के जादुई आंकड़े के पार कर लिया.

शेयर बाजार के दम पर तय होती है मस्क की दौलत

1.04 ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति का यह मतलब नहीं हुआ कि एलन मस्क के बैंक अकाउंट में 1 ट्रिलियन डॉलर नकद पड़े हैं. उनकी ज्यादातर संपत्ति स्पेसएक्स और टेस्ला जैसी कंपनियों में उनके पास मौजूद शेयर्स के रूप में है. शेयर बाजार में हर दिन होने वाले उतार-चढ़ाव से उनकी पेपर वेल्थ तय होती है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More