दिल्ली से बनारस साढ़े 3 घंटे और आगरा एक घंटे में...दूसरी बुलेट ट्रेन पर रेलवे मिनिस्टर का बड़ा ऐलान
बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद दिल्ली से बनारस तक का सफर महज साढ़े 3 घंटे में पूरा हो जाएगा. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की तरफ से बताया गया कि इसके बाद दिल्ली से आगरा पहुंचने में एक घंटे का समय लगेगा. वहीं, कानपुर तक का टाइम घटकर महज एक घंटा 45 मिनट रह जाएगा.
Railways Bullet Train: जरा सोचिए... आपने सुबह को दिल्ली में नाश्ता किया और दोपहर में कानपुर जाकर 'ठग्गू के लड्डू' खा लिये और शाम तक वापस दिल्ली आकर अपना काम शुरू कर दिया. यह सुनने में भले ही फिल्मी सीन लगे लेकिन हकीकत यही बनने जा रही है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऐसा प्लान पेश किया है, जिसने उत्तर भारत के ट्रेन यात्रियों का दिल जीत लिया है. प्रधानमंत्री मोदी की तरफ से मंजूर किया गया हाई-स्पीड कॉरिडोर बनने के बाद दिल्ली, यूपी और बिहार के बीच के सफर में काफी समय बच जाएगा. इसके अलावा काशी स्टेशन का नया रूप भी बेहद शानदार होने वाला है.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर भारत के लिए बुलेट ट्रेन के 'नॉर्दर्न कॉरिडोर' का रोडमैप देश के सामने रखा है. पीएम मोदी की तरफ से मंजूर किया गया यह कॉरिडोर महज एक रेल लाइन नहीं, बल्कि यह आने वाले समय के लिए जनता की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए गेमचेंजर प्रोजेक्ट है. हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली, यूपी, बिहार और पूर्वोत्तर भारत के बीच की दूरियां कुछ ही घंटों की रह जाएंगी. रेल मंत्री की तरफ से किये गए ट्रैवल टाइम को देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे. आइए जानते हैं बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद शहरों के बीच लगने वाला समय घटकर कितना रह जाएगा?
- दिल्ली से आगरा: 59 मिनट (1 घंटे से भी कम)
- दिल्ली से कानपुर: 1 घंटा 45 मिनट
- दिल्ली से लखनऊ: 2 घंटे 12 मिनट
- वाराणसी से लखनऊ: 1 घंटा 21 मिनट
- वाराणसी से पटना: महज 1 घंटा
- वाराणसी से दिल्ली: 3 घंटे 33 मिनट
- वाराणसी से प्रयागराज: 33 मिनट
- वाराणसी से आगरा: 2 घंटे 34 मिनट
घंटों में पूरा होगा सफर
इस प्रोजेक्ट का फायदा बताते हुए रेल मंत्री ने कानपुर में मिलने वाले ठग्गू के लड्डू का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा इसके बाद दिल्ली से कानपुर का सफर घटकर 1 घंटे 45 मिनट का रह जाएगा. लोग दिल्ली से निकलकर कानपुर में लड्डू का स्वाद लेकर वापस दिल्ली आकर अपना काम कर सकते हैं. इसी तरह दिल्ली से बनारस के सफर में लगने वाले 10 से 12 घंटे का सफर करीब साढ़े 3 घंटे में पूरा हो जाएगा. बुलेट ट्रेन कॉरिडोर केवल दिल्ली और वेस्ट यूपी तक ही नहीं रहेगा. यह रूट दिल्ली से आगरा, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ते हुए आगे वाराणसी और पटना तक पहुंचेगा.
रेलवे का तोहफा, 13 घंटे में पूरा होगा बेंगलुरु से गोवा का सफर; चेक करें नया रूट, टाइमिंग और स्टॉपेज
वंदे भारत स्लीपर का नेटवर्क मजबूत हो रहा
बुलेट ट्रेन की प्लानिंग के साथ ही रेलवे लंबी दूरी के यात्रियों के लिए 'वंदे भारत स्लीपर' का नेटवर्क भी मजबूत कर रहा है. रेल मंत्री ने कहा, ऐसे लोग जिन्हें रात का सफर पसंद है. उनके लिए वंदे भारत स्लीपर सबसे अच्छा ऑप्शन है. यात्री रात में बनारस से सवार होकर सुबह में दिल्ली पहुंच जाएंगे. इसी तरह की सुविधा दिल्ली से बनारस जाने वाले यात्रियों को भी मिलेगी.
स्टेशन का डिजाइन बहुत ही भव्य और विशाल
काशी रेलवे स्टेशन का री-डेवलपमेंट इस तरह किया जा रहा है कि यह उत्तर और उत्तर-पूर्वी भारत को आपस में जोड़ेगा. स्टेशन को 'नमो ब्रिज' से कनेक्ट किया जा रहा है. रेलवे स्टेशन का डिजाइन बहुत ही भव्य और विशाल है. इसके उत्तरी और दक्षिणी सिरों पर बड़े-बड़े कॉम्प्लेक्स बनाए जा रहे हैं. स्टेशन पर ऐसा लाउंज तैयार किया जा रहा है, जिसमें एक बार में 50,000 से ज्यादा आराम से बैठ सकेंगे.