App

दिल्ली-NCR में घर खरीदने वालों ने खींचे हाथ, 5 साल के निचले लेवल पर पहुंची आशियाने की बिक्री

दिल्ली-एनसीआर में घरों की बिक्री 5 साल के सबसे निचले लेवल पर पहुंच गई. 5 से 10 करोड़ रुपये वाले लग्जरी घरों की डिमांड 63 प्रतिशत तक घट गई है. इतना ही नहीं गुरुग्राम में जिस तेजी से घरों के दाम बढ़ रहे थे, उसमें भी काफी नरमी देखी जा रही है.

दिल्ली-NCR में घर खरीदने वालों ने खींचे हाथ, 5 साल के निचले लेवल पर पहुंची आशियाने की बिक्री
Image Credit: (AI) जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान दिल्ली-NCR में महज 10,712 घरों की बिक्री हुई है.

कोविड महामारी के बाद से दिल्ली-एनसीआर के रियल एस्टेट मार्केट में अलग ही जुनून देखने को मिल रहा था. घरों की कीमत में बढ़ोतरी के बावजूद खरीदार धड़ाधड़ फ्लैट्स की बुकिंग कर रहे थे. लेकिन एक रिपोर्ट से लग रहा है कि प्रॉपर्टी मार्केट का जोश धीरे-धीरे ठंडा पड़ने लगा है. आंकड़ों के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में घरों की बिक्री पिछले पांच साल के निचले लेवल तिमाही लेवल पर आ गई है. हैरान करने वाली बात यह है कि मिडिल क्लास ही नहीं, बल्कि करोड़ों खर्च करने वाले अमीर खरीदार भी घर लेने से पहले काफी सोच रहे हैं. रियल एस्टेट कंसल्टेंसी फर्म नाइट फ्रैंक इंडिया की तरफ से जुलाई से सितंबर 2026 तिमाही के लिए 'इंडिया रियल एस्टेट ऑफिस एंड रेजिडेंशियल मार्केट' जारी की है.

नाइट फ्रैंक इंडिया की रिपोर्ट से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि बाजार में सुस्ती गहरा रही है. जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान दिल्ली-NCR में महज 10,712 घरों की बिक्री हुई है, यह पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 17 फीसदी कम है. यह 2021 की तीसरी तिमाही के बाद से अब तक का सबसे कम बिक्री का आंकड़ा है. पिछले दो साल का ट्रेंड देखें तो 2024 की पहली तिमाही के बाद से किसी भी तिमाही में NCR के हाउसिंग मार्केट ने सालाना आधार पर ग्रोथ दर्ज नहीं की है. इससे साफ है कि खरीदार बहुत सोच-समझकर फैसला कर रहे हैं.

एक करोड़ से ज्यादा कीमत वाले 86 फीसदी घर बिके

घरों की बिक्री में आ रही गिरावट का असर महंगे और लग्जरी घरों पर भी देखा जा रहा है. दिल्ली-NCR देश के सबसे महंगे और प्रीमियम रेजिडेंशियल मार्केट में गिना जाता है. इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जुलाई से सितंबर तिमाही के दौरान बिके कुल घरों में से 86 फीसदी घर एक करोड़ से ज्यादा कीमत वाले थे. 5 से 10 करोड़ वाले लग्जरी सेगमेंट में जबरदस्त गिरावट आई है. 2022 से 2025 के बीच इस सेग्मेंट का मार्केट चार गुने से ज्यादा बढ़ गया था. जुलाई-सितंबर के दौरान 5 से 10 करोड़ रुपये वाले घरों की बिक्री सालाना आधार पर 63 फीसदी गिरकर महज 925 यूनिट्स रह गई. दूसरी तरफ, इस सेगमेंट में बिना बिके घरों का स्टॉक यानी अनसोल्ड इन्वेंट्री 33 प्रतिशत बढ़ गई है.

खरीदारों के लिए बजट बढ़ाना मुश्किल हो रहा

बाजार की सुस्ती का कारण पिछले कुछ साल के दौरान प्रॉपर्टी के दाम में हुए बेतहाशा इजाफे को माना जा रहा है. घर के दाम इतने बढ़ गए कि खरीदारों के लिए अपना बजट बढ़ाना मुश्किल हो रहा है. नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट के अनुसर NCR के कई एरिया में प्रॉपर्टी के दाम एक लेवल पर आकर ठहर गए हैं. पिछली तिमाही के मुकाबले ज्यादातर इलाकों के दाम में इस तिमाही कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिला. NCR के सबसे बड़े लग्जरी गुरुग्राम में भी कीमत बढ़ने की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है. एक साल पहले गुरुग्राम में जिस प्रॉपर्टी के दाम 32 प्रतिशत सालाना की रफ्तार से बढ़ रहे थे, वो अब घटकर महज 4 प्रतिशत रह गए. रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि दाम में भारी उछाल से निवेशकों को यह लगता है कि यहां से आकर्षक रिटर्न मिलना मुश्किल है.

बिल्डरों की बिक्री पर पड़ रहा असर

खरीदारों की तरफ से अपनाए जा रहे सतर्क रवैये का असर बिल्डरों की बिक्री पर भी पड़ा है. नाइट फ्रैंक का क्वार्टर्स-टू-सेल यानी QTS इंडिकेटर सितंबर 2026 तिमाही में बढ़कर 8 तिमाही हो गया है. यह पिछले साल इसी अवधि के दौरान 7.3 तिमाही था. इसे आप आसान भाषा में इस तरह समझ सकते हैं कि यदि बाजार में कोई नया घर लॉन्च न भी हो तब भी बिल्डरर्स को अपने बिना बिके घरों की बिक्री में 8 तिमाही (2 साल) का टाइम लग जाएगा. अनसोल्ड इन्वेंट्री में इजाफा तेजी से नए प्रोजेक्ट्स के आने के कारण नहीं हुई. बिल्डर खुद नई सप्लाई लाने में सावधानी बरत रहे हैं.

रेजिडेंशियल लॉन्च में भी गिरावट

तीसरी तिमाही में NCR में नए रेजिडेंशियल लॉन्च सालाना आधार पर 5 फीसदी गिरकर 10,071 यूनिट्स रह गए. इन आंकड़ों का मतलब यह नहीं है कि दिल्ली-NCR ने अपना आकर्षण खो दिया है. बड़े घरों, आधुनिक सुविधाओं और प्रीमियम प्रोजेक्ट्स को तवज्जो देने वाले खरीदारों के लिए यह एरिया अब भी पहली पसंद बना हुआ है. आने वाली तिमाहियों के आंकड़ों से यह साफ होगा कि प्रॉपर्टी मार्केट का यह दौर महज छोटा सा ठहराव है या फिर आने वाले समय में कीमत और बिक्री की रफ्तार ऐसे ही रहने वाली है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More