टैंकरों पर हमले के बाद भी तीसरे हफ्ते नीचे गिरा क्रूड ऑयल, बाजार में क्यों चल रहा यह उल्टा खेल?
मिडिल ईस्ट में जारी हमलों और होर्मुज की टेंशन के बीच भी क्रूड ऑयल में लगातार गिरावट देखी जा रही है. सोमवार सुबह इंटरनेशनल बेंच मार्क ब्रेंट क्रूड गिरकर 92 डॉलर प्रति बैरल से नीचे फिसल गया. यह लगातार तीसरा हफ्ता है जब क्रूड ऑयल के दाम में गिरावट देखी जा रही है.
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और हमलों की खब के बीच इंटरनेशनल ऑयल मार्केट में तेल के दाम टूट रहे हैं. एक तरफ होर्मुज के पास तेल टैंकरों पर अटैक और सऊदी अरब व बहरीन में हमलों की खबरें आ रही हैं. दूसरी तरफ ब्रेंट क्रूड के दाम गिरकर 92 प्रति बैरल से नीचे पहुंच गए. लगातार तीसरे हफ्ते कच्चे तेल के दाम में नरमी देखी जा रही है. बाजार के जानकार फारस की खाड़ी से जारी तेल की सप्लाई और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच बैलेंस बनाने की कोशिश में जुटे हैं. होर्मुज स्ट्रेट के पास टैंकरों पर हमले और सऊदी अरब व बहरीन के ठिकानों को निशाना बनाए जाने जैसी घटनाओं के बावजूद तेल के भाव नरम पड़े हुए हैं.
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को क्रूड ऑयल मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ था. लेकिन फिर से इसमें गिरावट देखी जा रही है. WTI क्रूड 83 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है. लगातार तीन हफ्ते से क्रूड ऑयल की कीमत में गिरावट दर्ज की जा रही है. ट्रेडर्स यह नोटिस कर रहे हैं कि संघर्ष बढ़ने के आशंका के बीच भी मिडिल ईस्ट से क्रूड ऑयल की सप्लाई बनी हुई है और अमेरिका में रिजर्व भी बढ़ रहा है. पिछले हफ्ते ब्रेंट क्रूड में 3.4 फीसदी और अमेरिकी क्रूड ऑयल में 5.2 प्रतिशत की गिरावट आई थी.
तेल की बढ़ती कीमतों का असर, भारत का क्रूड और गैस आयात बिल एक साल में 10 से 16 अरब डॉलर हुआ
ट्रंप का बयान और ईरान का रुख
पिछले कुछ समय से क्रूड ऑयल के दाम लगातार नीचे की तरफ जा रहे हैं. पूरे महीने की बात करें तो क्रूड के दाम में 20 फीसदी की कमी आई है. अमेरिका के मिड टर्म इलेक्शन के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ नए हमलों को टाल दिया था. हालांकि एक इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने संकेत दिया कि यदि दोनों देशों के बीच किसी तरह का समझौता नहीं हुआ तो नए साल के बाद वे ईरान पर फिर से हमले शुरू करने के पक्ष में हो सकते हैं. यह संघर्ष 28 फरवरी को ईरानी ठिकानों पर अमेरिका और इजरायल की तरफ से किये गए हवाई हमलों के साथ शुरू हुआ था. इसके बाद ईरान और ओमान के बीच स्थित होर्मुज स्ट्रेट से होने वाली तेल सप्लाई बाधित हो गई.
आ गई गुड न्यूज! 70 डॉलर तक गिरेंगे कच्चे तेल के दाम, भारत में कब सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल ?
ओमान के पास दो टैंकरों पर हमला
ब्रिटिश समुद्री व्यापार अभियानों से जुड़ी एजेंसी ने बताया कि शनिवार को ओमान के पास दो टैंकरों पर अज्ञात चीजों से हमला हुआ. ईरान ने होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर भी पाबंदियां लगाई हैं, जो अमेरिका के साथ बातचीत में बड़ा अड़ंगा बनी हैं. सऊदी अरब और बहरीन ने ईरान समर्थित बलों की तरफ से हमलों की जानकारी दी. सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि उसने यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा रियाद की तरफ दागे गए ड्रोन को हवा में ही मार गिराया. शनिवार देर रात गठबंधन की तरफ से बताया गया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने पश्चिमी क्षेत्र की ओर दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराया.
अमेरिकी नौसेना का पांचवां बेड़ा तैनात
बहरीन ने भी ईरान की तरफ से हमले की जानकारी दी गई. वहां की होम मिनिस्ट्री के अनुसार एक नागरिक इंडस्ट्रियल एरिया को निशाना बनाया गया, जिससे वहां आग लग गई. इस हादवे में बहरीन के एक नागरिक और पाकिस्तान के एक निवासी के घायल होने की जानकारी है. बहरीन में अमेरिकी नौसेना का पांचवां बेड़ा तैनात है.