App

Crude Oil: 100 डॉलर के पार बना रहेगा क्रूड ऑयल का दाम? अमेरिका से सऊदी अरब तक क्यों मचा है हड़कंप

Petrol-Diesel Price: क्रूड ऑयल की कीमत एक बार फिर से बढ़कर 100 डॉलर के पार पहुंच गई हैं. अमेरिका में आने वाले भयंकर तूफान और सऊदी अरब पर हूती हमलों के कारण तेल की सप्लाई ठप होने की आशंका है. क्या इस तेजी का असर घरेलू बाजार में भी देखा जाएगा?

Crude Oil: 100 डॉलर के पार बना रहेगा क्रूड ऑयल का दाम? अमेरिका से सऊदी अरब तक क्यों मचा है हड़कंप

Crude Oil Price: ग्लोबल एनर्जी मार्केट में एक बार फिर से उठापटक देखी जा रही है. इंटरनेशनल मार्केट में बुधवार सुबह ब्रेंट क्रूड की कीमत में फिर से तेजी देखी गई और यह उछलकर 101.51 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गईं. क्रूड के दाम में अचानक आई तेजी के पीछे दो कारण माने जा रहे हैं. पहला अमेरिका में आने वाला 2026 का पहला भयंकर अटलांटिक तूफान और दूसरी तरफ सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हालिया हमले. इन दोनों घटनाओं ने ग्लोबल ऑयल सप्लाई चेन को लेकर गहरा संकट बना दिया है.

मौसम वैज्ञानिकों की तरफ से उम्मीद जताई गई कि मेक्सिको की खाड़ी में बन रहा दबाव का क्षेत्र अगले दो दिन में 2026 का पहला अटलांटिक तूफान बन सकता है. यह तूफान उन तटीय इलाकों से टकराने वाला है, जहां अमेरिका का 15% क्रूड ऑयल और 5% नेचुरल गैस का प्रोडक्शन होता है. इसके अलावा यह तूफान करीब छह बड़ी रिफाइनरियों पर भी असर डाल सकता है. खाड़ी क्षेत्र में स्थित ये रिफाइनरियां अमेरिका की कुल रिफाइनिंग कैपेसिटी का करीब 50% हैं. जानकारों का कहना है कि सप्लाई की मौजूदा दिक्कत के बीच यह तूफान बाजार के लिए नई मुसीबत बन गया है.

सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों का हमला

अमेरिका में मौसम के संकट के बीच मिडिल ईस्ट में बारूद की आग ठंडी नहीं हो रही है. यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के जाजान और नजरान एयर पोर्ट को निशाना बनाकर हमले किये हैं. सऊदी समर्थित सेना और विद्रोहियों के बीच भीषण जंग जारी है. इसके जवाब में रियाद की तरफ से हवाई हमले तेज कर दिये गए हैं. लगातार हो रहे हमलों के कारण दुनिया के सबसे बड़े ऑयल एक्सपोर्ट क्षेत्र मिडिल ईस्ट से क्रूड ऑयल और रिफाइंड प्रोडक्शन की सप्लाई खतरे में पड़ गई है.

डोनाल्ड ट्रंप का बयान और ईरान का तनाव

ग्लोबल ऑयल मार्केट में अनिश्चितता के बीच अमेरिका और ईरान में चल रहा तनाव भी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि आठ महीने से चल रही जंग के बाद यह साफ नहीं है कि ईरान में सत्ता कौन चला रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के पहली और दूसरी लेयर के नेता खत्म हो चुके हैं. दूसरी तरफ ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने पलटवार करते हुए कहा कि वाशिंगटन अच्छी तरह जानता है कि ईरान में फैसले कैसे लिए जाते हैं. इस बयानबाजी के बाद कूटनीतिक समाधान की उम्मीद कम हो गई है.

100 डॉलर के पार बना रहेगा क्रूड ऑयल?

बाजार से जुड़े जानकारों का मानना है कि जब तक मिडिल ईस्ट में जारी जियो-पॉलिटिकल टेंशन कम नहीं होती और रिफाइनरियों का संकट नहीं टलता, तब तक क्रूड ऑयल की कीमतें 100 डॉलर के आसपास ही बनी रहेंगी. अमेरिकी पेट्रोलियम संस्थान (API) के आंकड़ों के अनुसार पिछले हफ्ते अमेरिका के क्रूड ऑयल और गैसोलीन के स्टॉक में 2.09 मिलियन बैरल की गिरावट आई है. हालांकि, सऊदी अरब के तेल मंत्री ने बताया कि उनकी ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन से सप्लाई बढ़ी है. लेकिन जहाजों पर हमलों के डर ने ट्रेडर्स की चिंता बढ़ी हुई है.

आम जनता पर क्या होगा असर?

भारत अपनी जरूरत का करीब 85% कच्चा तेल दूसरे देशों से आयात करता है. ऐसे में यदि इंटरनेशनल अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की दरें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी रहती हैं, तो भारत के लिए आयात बिल काफी बढ़ जाएगा. इससे आने वाले समय में देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमत पर दबाव बढ़ सकता है. इसके साथ ही टांसपोर्टेशन महंगा होने से डेली यूज की चीजों और खाने-पीने की चीजों की महंगाई दर में भी उछाल आने की आशंका है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More