App

LPG Price: महीने के पहले ही दिन झटका, 19 किलो वाला LPG सिलेंडर ₹62.50 महंगा; बढ़कर कितना हो गया रेट?

LPG Price in Delhi: फेस्टिव सीजन शुरू होने से पहले तेल कंपनियों ने एक बार फिर से झटका देते हुए 19 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में इजाफा कर दिया है. नए रेट को 1 अक्टूबर 2026 से लागू कर दिया गया है. हालांकि, 14 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया.

LPG Price: महीने के पहले ही दिन झटका, 19 किलो वाला LPG सिलेंडर ₹62.50 महंगा; बढ़कर कितना हो गया रेट?

LPG Price Hike: अक्टूबर के पहले ही दिन देश की सरकारी तेल कंपनियों ने आम आदमी को झटका दिया है. तेल कंपनियों ने एक बार फिर से एलपीजी सिलेंडर के दाम में इजाफा कर दिया है. कंपिनयों ने 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 62.50 रुपये का इजाफा कर दिया है. इसके बाद राजधानी दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर का दाम 2747.50 रुपये से बढ़कर 2,810 रुपये हो गया है. गैस सिलेंडर में हुए इजाफे को देशभर में लागू कर दिया गया है. इससे पहले सितंबर में सिलेंडर के दाम में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी.

इंडियन ऑयल की तरफ से जारी की गई जानकारी के अनुसार चेन्नई में कमर्शियल सिलेंडर 2916.50 रुपये से महंगा होकर 2983 रुपये का हो गया है. इसके अलावा मुंबई में 19 किलो वाला सिलेंडर 2701 रुपये की बजाय 2764 रुपये का मिलेगा. कोलकाता में यह सिलेंडर पहले 2884 रुपये का मिल रहा था. लेकिन अब इसके लिए 2,946.5 रुपये चुकाने होंगे. पटना में 19 किलो वाला सिलेंडर 71.50 रुपये महंगा हुआ है. हालिया बढ़ोतरी के बाद होटल-रेस्टोरेंट, ढाबे और कैटरिंग कारोबार की लागत पर असर पड़ना तय है.

14 किलो वाले सिलेंडर के दाम में बदलाव नहीं

छोटे कारोबारियों के ऊपर महंगी एलपीजी का बोझ बढ़ेगा. खाने-पीने की कीमत में इजाफे का असर आम आदमी पर भी देखा जाएगा. हालांकि, तेल कंपनियों ने 14 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में किसी तरह का बदलाव नहीं किया है. 14 किलो वाला सिलेंडर राजधानी दिल्ली में 942 रुपये का ही मिलता रहेगा. कोलकाता में यही सिलेंडर अभी 968 रुपये का है और मुंबई में इसका प्राइस 941.50 रुपये का है. चेन्नई में इसी सिलेंडर के लिए 957.50 रुपये का भुगतान करना होता है.

अगस्त में कटौती के बाद बढ़ोतरी जारी

सितंबर की शुरुआत में भी तेल कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर के दाम में 9.50 रुपये का इजाफा किया था. इससे पहले अगस्त की शुरुआत में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में कटौती की गई थी. उस समय सरकारी तेल कंपनियों ने कीमत में 192 रुपये की कटौती की थी. उस समय जुलाई के 2930 रुपये के मुकाबले दाम कम होकर 2738 हो गए थे. जुलाई 2026 में भी 19 किलो वाला सिलेंडर 183.50 रुपये सस्ता हुआ था.

विंडफॉल टैक्स में भी हुई कटौती

इससे पहले केंद्र सरकार ने 1 अक्टूबर से डीजल निर्यात पर लगने वाले टैक्स को 4 रुपये प्रति लीटर घटा दिया है. वित्त मंत्रालय की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार केंद्र सरकार ने डीजल और जेट फ्यूल के एक्सपोर्ट पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में कटौती की है. डीजल एक्सपोर्ट पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स को 20 रुपये प्रति लीटर से कम करके 16 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है. इसके अलावा, एटीएफ (ATF) के एक्सपोर्ट पर लगने वाले लेवी को 15 रुपये से घटाकर 10.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है. नई दर अगले दो हफ्ते के लिए लागू रहेंगी. पेट्रोल एक्सपोर्ट पर लगने वाला विंडफॉल टैक्स 0.5 रुपये प्रति लीटर पर ही बना रहा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More