Air India Flight Cancellation: एयर इंडिया ने अचानक रद्द कीं रियाद, जेद्दा और दम्माम की उड़ानें, 17 अक्टूबर तक रोक
एयरलाइन ने कहा है कि उड़ानों को फिर से शुरू करने के लिए वे इस इलाके में हो रही गतिविधियों पर बारीकी से नजर रही है और उनका आकलन कर रही है.
Air India Flight Cancellation: सऊदी अरब में बदलती स्थिति को देखते हुए एयर इंडिया ने 17 अक्टूबर 2026 तक रियाद, दम्माम और जेद्दा के लिए और वहां से आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं.
यात्रियों को पूरा रिफंड दिया जा रहा है : एयर इंडिया
एयर इंडिया ने कहा कि सऊदी अरब में बदलती स्थिति को देखते हुए रियाद, दम्माम और जेद्दा के लिए और वहां से आने-जाने वाली एयर इंडिया की सभी उड़ानें 17 अक्टूबर 2026 तक रद्द कर दी गई हैं. सुरक्षित रूप से उड़ानें फिर से शुरू करने के लिए हम इस क्षेत्र में हो रही गतिविधियों पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और उनका आकलन कर रहे हैं. उड़ान रद्द होने पर प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड दिया जा रहा है. एयर इंडिया के लिए हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है.
इंडिगो और आकासा एयर ने भी रद्द की फ्लाइट
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और हवाई यात्रा में रुकावटों के बीच भारतीय एयरलाइंस इंडिगो और आकासा एयर ने सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानें या तो रोक दी हैं या उनके निलंबन को आगे बढ़ा दिया है. एयर इंडिया ने रियाद आने-जाने वाली उड़ानों के निलंबन को 17 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है, जबकि इंडिगो ने रियाद और दम्मम रूट पर उड़ानों को रद्द करने की अवधि भी इसी तारीख तक बढ़ा दी है.
17 अक्टूबर तक बंद रहेगा एयरपोर्ट
आकासा एयर ने जेद्दा और रियाद के लिए उड़ानें 17 अक्टूबर तक रोक दी हैं. ये बदलाव रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमलों के बाद किए गए हैं. इन हमलों के लिए यमन के ईरान-समर्थक हूथी विद्रोहियों को जिम्मेदार माना जा रहा है. ये रुकावटें ईरान के साथ अमेरिका-इजराइल युद्ध के व्यापक क्षेत्रीय असर के बीच आई हैं. सोमवार को जारी 'नोटिस टू एयरमेन' के मुताबिक, एयरपोर्ट 17 अक्टूबर तक बंद रहेगा. उड़ानों में ये रुकावटें तब आईं जब सऊदी अधिकारियों ने रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बंद रहने की अवधि शनिवार तक बढ़ा दी हैं.
यूरोप और एशिया की हवाई सर्विस पर पड़ा असर
सऊदी अरब के सिविल एविएशन अथॉरिटी ने कहा कि इस बंदी से अधिकारियों को एयरपोर्ट की सुरक्षा और ऑपरेशनल तैयारी पक्की करने के लिए जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने में मदद मिलेगी. इस रुकावट का असर इस इलाके से बाहर भी हवाई यात्रा पर पड़ा है. यूरोप और एशिया की कई एयरलाइंस ने सर्विस रोक दी हैं.