)
Abhijeet Dipke Education: दिल्ली से लेकर देश के राजनीतिक गलियारों तक में इन दिनों कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके की चर्चा है. अभिजीत को लेकर तमाम तरह के दावे किये जा रहे हैं. वह भी अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में बने हुए हैं. कुछ दिन पहले की बात है जब उनके 30 हजार रुपये के जूतों को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई थी. इतने महंगे जूते और प्राइवेट जेट में ट्रैवल की खबर के बाद लोगों के मन में यही सवाल है कि आखिर अभिजीत दीपके का खर्च कैसे चलता है और वो किस तरह कमाते हैं? हालांकि, सोशल मीडिया पर दावा की जा रही प्राइवेट जेट की खबर की पुष्टि नहीं हुई. 10 अक्टूबर 2026 को अभिजीत ने एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI 2428 में सफर किया था. इसके साथ ही यह भी सवाल है कि जब अभिजीत दीपके के पास किसी तरह का रोजगार नहीं है तो उनके पास महंगे जूते खरीदने और अलग-अलग शहरों में जाकर आंदोलन करने के लिए पैसे कहां से आ रहे हैं?
कॉकरोच जनता पार्टी की फंडिंग को लेकर अभिजीत दीपके से जब यह जानने की कोशिश की गई कि पार्टी के कार्यक्रमों को आयाजित करने का खर्च कहां से आता है? इस दौरान उनके 30 हजार रुपये के जूतों का भी जिक्र हुआ. सवाल के जवाब में दीपके ने बताया कि हां, वो 30 हजार रुपये वाले जूते पहनते हैं और उन्हें इसे बताने में किसी तरह की शर्म नहीं है. उन्होंने अपनी बात रखते हुए यह भी कहा कि जब वह अमेरिका जाने के लिए फ्लाइट से सफर कर सकते हैं तो मुंबई से दिल्ली जाने में क्या परेशानी है. उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब पार्टी की फंडिंग को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, दीपके ने यह नहीं बताया कि उनकी इनकम का मुख्य जरिया क्या है?
फिलहाल अभीजीत दीपके की पहचान लोगों के बीच सोशल मीडिया एक्टिविस्ट होने के नाते बन गई है. मीडिया में आ रही जानकारी के अनुसार वह पिछले दिनों पॉलिटिकल कम्युनिकेशन और डिजिटल कैंपेनिंग से जुड़े रहे हैं. पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद दीपके ने अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस की पढ़ाई की है. साल 2020 से 2023 तक उन्होंने आम आदमी (AAP) की सोशल मीडिया टीम के साथ काम किया. आप (AAP) से जुड़कर दीपके ने डिजिटल कैंपेन और सोशल मीडिया के जरिये राजनीतिक संदेशों को लोगों तक पहुंचाया. इसके बाद उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की शुरुआत की, यह सोशल मीडिया पर मीम्स के मुद्दे उठाने को लेकर चर्चा में आ गई.
कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रैटेजिस्ट हैं. वह इंडिया लौटने से पहले अमेरिका में हायर एजुकेशन हासिल कर रहे थे. अभिजीत अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ कम्युनिकेशन (Boston University College of Communication) से पब्लिक रिलेशंस में मास्टर ऑफ साइंस (MSc) की पढ़ाई कर रहे थे. जानकारी के अनुसार अमेरिका में अभिजीत दीपके अमेरिका में अपनी पढ़ाई के खर्च के लिए खासतौर पर बोस्टन यूनिवर्सिटी से मिली स्कॉलरशिप और एजुकेशन लोन पर निर्भर थे. उन्होंने खुद एक इंटरव्यू में साफ किया था कि उनके पास यूनिवर्सिटी का स्कॉलरशिप लेटर मौजूद है और बाकी के खर्च को पूरा करने के लिए उन्होंने लोन लिया था.
आपके मन में भी सवाल आ रहा होगा कि आखिर दीपके को कमाई कहां से हो रही है? यदि आपका भी यही सवाल है तो इसको लेकर सोशल मीडिया या फिर मीडिश रिपोर्ट में किसी तरह की जानकारी नहीं है. सीजेपी (CJP) के खर्च और फंडिंग को लेकर भी सवाल किये जा रहे हैं. लेकिन पार्टी को पैसा कहां से मिलता है और कितना पैसा आता है, इस पर भी किसी तरह की स्पष्ट जानकारी पब्लिक डोमेन में मौजूद नहीं है. जब तक इस पर जानकारी सामने नहीं आती, तब तक उनकी इनकम या पार्टी की फंडिंग को लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता है.
पिछले दिनों उनके पढ़ाई से जुड़ा खर्च भी काफी चर्चा में रहा था. सूरत के आरटीआई एक्टिविस्ट अमित तिवारी ने अभिजीत दीपके के पिता भगवानराव दीपके की आर्थिक स्थिति को लेकर जांच कराने की मांग की थी. उन्होंने सवाल उठाया था कि एक जेई (JE) की सैलरी से विदेश में उच्च शिक्षा के खर्च को कैसे उठाया जा सकता है? एक्टिविस्ट ने राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल की तरफ से एक करोड़ रुपये की फंडिंग पर टैक्स देनदारी मामले में चुनाव आयोग और और सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेस एंड कस्टम्स (CBIC) से भी संपर्क किया था.