मारपीट के दौरान जान बचाने भागकर सड़क पर आई महिला, ट्रक की चपेट में आने से मौत
मोकामा में सोमवार की शाम एक सड़क हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि एक महिला की ट्रक चपेट में आने से मौत हो गई. यह हादसा तब हुआ, जब एक मारपीट के दौरान घर से भागकर सड़क पर आ गई और ट्रक की चपेट में आ गई.
बिहार की राजधानी पटना के मोकामा में एक महिला की मौत हो गई. घटना 26 अक्टूबर सोमवार को घटी. बताया जा रहा है कि यहां पर एक महिला मारपीट के दौरान जान बचाने के लिए सड़क पर भागी, तभी एक ट्रक की चपेट में आ गई और उसकी मौत हो गई. घटना मोकामा थाना अंतर्गत शिवनार गांव की है.
शिवनार की रहने वाली थी स्वीटी शर्मा
दरअसल, घरेलू हिंसा में मारपीट के दौरान नेशनल हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई. स्वीटी शर्मा शिवनार की रहने वाली थी. उनके पति कुंदन कुमार कहीं बाहर काम करते हैं. घर में विवाद होने पर परिवार के कुछ लोग उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर रहे थे.
मारपीट के दौरान जान बचाकर भागी महिला की ट्रक से कुचलकर मौत
मारपीट करते हुए सभी घर से बाहर निकल आए, तभी महिला अचानक भागकर NH-31 पर चली गई. सड़क पर तेजी से भागने के दौरान वह एक ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
घरेलू हिंसा का खौफनाक अंजाम, पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण नेशनल हाईवे पर जमा हो गए. मोकामा थाने की पुलिस को तत्काल इसकी जानकारी दी गई. पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी है. मोकामा थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि अभी इस मामले में कोई आवेदन नहीं मिला है. घरेलू हिंसा की बात सामने आई है, जिसकी जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.
सचिवालय हॉल्ट पर ट्रेन से गिरकर वृद्ध की मौत, पहचान में जुटी जीआरपी
दूसरी तरफ पटना के सचिवालय हॉल्ट रेलवे लाइन पर सोमवार सुबह ट्रेन से गिरने के कारण एक वृद्ध व्यक्ति की मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शि के अनुसार, वृद्ध पैसेंजर ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान ट्रेन के गेट पर उनका पैर फिसल गया और वह हादसे का शिकार हो गए. घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है. हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. फिलहाल मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
रिपोर्ट: चंदन राय
यह भी पढ़ें: बेतिया GMCH में बड़ी लापरवाही, तीसरी मंजिल से गिरकर मरीज की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल