गजब की दबंगई चल रही है कटिहार में: छेड़खानी का विरोध करने पर मुखिया को ही उचक्कों ने धुन दिया
एक घर के बाहर रास्ते पर कुछ उचक्के पटाखे जला रहे थे और इसी बहाने राह चलती महिलाओं पर फब्तियां कस रहे थे. सूचना मिलने पर पहुंचे मुखिया ने विरोध किया तो उचक्के उन पर ही टूट पड़े.
कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र में दीपावली की रात महिलाओं के साथ कथित छेड़खानी का विरोध करना एक मुखिया को भारी पड़ गया. आरोप है कि विरोध से नाराज गांव के ही तीन युवकों ने भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सह मुखिया राजेश मंडल पर हमला कर दिया. मारपीट के दौरान उनके सिर पर गंभीर चोट आई. घटना के बाद घायल मुखिया को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, समेली में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया. खास बात यह है कि राज्य में भाजपा की सरकार चल रही है और बीजेपी नेताओं पर ही हमले किए जा रहे हैं. विरोधियों का कहना है कि जब बीजेपी नेता ही सुरक्षित नहीं हैं, तो बाकी लोगों की सुरक्षा का क्या भरोसा?
मामला पोठिया थाना क्षेत्र के चकला मौलानगर गांव का है. मुखिया राजेश मंडल के अनुसार, दीपावली की रात उन्हें सूचना मिली कि कुछ युवक गांव के ही एक घर के बाहर पटाखे जला रहे हैं और रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार एवं छेड़खानी कर रहे हैं. सूचना मिलने पर वे युवकों के घर पहुंचे और उनके व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए इसका विरोध किया.
READ ALSO: चार जोन में बंटेंगे बिहार के 12 पुलिस रेंज, सम्राट सरकार की बड़ी तैयारी
मुखिया का आरोप है कि विरोध करने पर तीन युवक उनसे उलझ गए और देखते ही देखते हाथापाई शुरू कर दी. इसी दौरान युवकों ने उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेली पहुंचाया.
घटना के संबंध में राजेश मंडल ने पोठिया थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है. साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पूर्णिया रेंज के आईजी, कटिहार पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरीय अधिकारियों को भी आवेदन भेजकर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है. मुखिया ने मामले में शामिल सभी आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है.
वहीं, शिकायत मिलने के बाद पोठिया थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पोठिया थानाध्यक्ष ने मौखिक रूप से इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दो युवकों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
रिपोर्ट: रंजन कुमार, कटिहार