App

यूपी चुनाव में JDU का वाराणसी से शंखनाद, निशांत कुमार बोले, नीतीश मॉडल और योगी के विकास कार्यों पर मांगेंगे वोट

उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर JDU ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है. निशांत कुमार ने Zee मीडिया से एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा कि नीतीश कुमार के काम और योगी आदित्यनाथ के विकास कार्यों को आधार बनाकर पार्टी वोट मांगेगी.

यूपी चुनाव में JDU का वाराणसी से शंखनाद, निशांत कुमार बोले, नीतीश मॉडल और योगी के विकास कार्यों पर मांगेंगे वोट
Image Credit: निशांत कुमार, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री

उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपनी सियासी तैयारी बढ़ा दी है. इस चुनाव की तैयारी का आगाज पार्टी ने वाराणसी से किया है. इस दौरान  बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने Zee media से एक्सक्लूसिव बातचीत की. उन्होंने अपनी बातचीत में कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के काम और उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के विकास कार्यों को आधार बनाकर JDU जनता से वोट मांगेगी. साथ ही ये भी कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य यूपी में अपना जनाधार बढ़ाना और संगठन को मजबूत करना है.

वाराणसी से JDU संगठन विस्तार की शुरुआत

निशांत कुमार ने कहा कि वाराणसी से उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन के विस्तार के अभियान की शुरुआत की गई है. आने वाले दिनों में राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की कोशिश है कि अधिक से अधिक लोगों को JDU से जोड़ा जाए और उत्तर प्रदेश में उसकी राजनीतिक पकड़ मजबूत हो जाए. इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में कुर्मी वोट बैंक को भी जोड़ने की रणनीति पर काम किया जाएगा.

NDA के सहयोगी के तौर पर चुनाव लड़ने की इच्छा

आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर निशांत कुमार ने NDA के सहयोगी के तौर पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई. उन्होंने कहा कि NDA के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश के विकास को रफ्तार देने का प्रयास किया जाएगा. जनता दल यूनाइटेड बिहार में नीतीश कुमार के विकास मॉडल और उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के कामकाज को चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है. वहीं, NDA के भीतर सीटों के तालमेल और सहयोगी दल के रूप में अपनी भूमिका को लेकर भी JDU की सक्रियता बढ़ रही है.

अनुप्रिया पटेल के सवाल पर निशांत कुमार ने साधी चुप्पी

इस दौरान केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल को लेकर पूछे गए सवाल पर निशांत कुमार ने कोई जवाब नहीं दिया. वाराणसी से JDU की राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के बाद उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चाएं बढ़ गई हैं. पार्टी अब NDA के साथ मिलकर चुनावी मैदान में उतरने की संभावनाओं पर आगे की रणनीति तैयार कर रही है.

रिपोर्ट: जय पाल

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More