)
अवैध संबंधों का राज खुलने के डर से एक चाचा ने रिश्ते की सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी. जिस मासूम भतीजे को गोद में खिलाना चाहिए था, उसी को मौत के घाट उतार दिया. सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के मुरली सिरिसिया गांव में नौ वर्षीय सुमित कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार, हत्या का आरोपी कोई बाहरी नहीं, बल्कि मासूम का सगा चाचा दिलीप शर्मा है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हसुआ भी बरामद किया गया है.
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी दिलीप शर्मा का मृतक की मां के साथ कथित अवैध संबंध था. इसकी जानकारी सुमित को हो गई थी. वह इस बात की चर्चा परिवार के अन्य लोगों से भी करने लगा था. इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने भतीजे की हत्या की साजिश रची. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह सुमित को मक्का के खेत में ले गया और वहां हसुआ से उसकी हत्या कर दी.
दरअसल, 24 सितंबर 2026 को भेल्दी थाना क्षेत्र के मुरली सिरिसिया गांव में नौ वर्षीय सुमित कुमार का शव बरामद हुआ था. मृतक की पहचान सुमन ठाकुर के पुत्र के रूप में हुई थी. घटना के बाद मृतक की मां के फर्दबयान पर भेल्दी थाना कांड संख्या 392/26 दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सारण के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया था.
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मढ़ौरा-01 एवं अंचल निरीक्षक मढ़ौरा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी दिलीप शर्मा को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने हत्या की वजह और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हसुआ भी बरामद कर लिया गया है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप शर्मा, पिता बिचारी शर्मा, निवासी मुरली सिरिसिया, थाना भेल्दी, जिला सारण के रूप में हुई है. पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है. एक मासूम की जान लेकर रिश्तों की मर्यादा को कलंकित करने वाली इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.
रिपोर्ट: राकेश कुमार सिंह