App

नेपाल से बिहार आए दो हाथियों ने 2 लोगों को कुचला, एक की मौत

नेपाल के जंगलों से भटककर आए दो जंगली हाथियों ने दो ग्रामीणों को कुचला. एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल. घायल किशोर का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.

नेपाल से बिहार आए दो हाथियों ने 2 लोगों को कुचला, एक की मौत
Image Credit: नेपाल के जंगलों से भटककर आए दो जंगली हाथियों ने दो ग्रामीणों को कुचला (Photo- वीडियो ग्रैब)

बिहार के किशनगंज में नेपाल के जंगलों से भटककर आए दो जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया. हाथियों ने जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र के गांगी गांव में दो लोगों को कुचल दिया, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई. वहीं, एक बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घायल बच्चे का इलाज किशनगंज सदर अस्पताल में चल रहा है.

नेपाल सीमा के जंगलों से भटककर गांगी गांव के रिहायशी इलाके में घुस आए हाथी

मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह जब ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों और खेतों की ओर निकल रहे थे, तभी अचानक दो जंगली हाथियों पर ग्रामीणों की नजर पड़ी, जो नेपाल सीमा के जंगलों से भटककर गांगी गांव के रिहायशी इलाके में घुस आए थे. हाथियों ने खेतों में लहलहा रही धान और केले की फसलों को बुरी तरह रौंदना शुरू कर दिया.

60 वर्षीय मोहम्मद मुफिज और 15 वर्षीय किशोर मुसर्रफ हाथियों की चपेट में आ गए

हाथियों के आने की खबर आसपास के गांवों में आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटने लगी. इसी बीच दोनों हाथियों ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इसी अफरातफरी में अलताबाड़ी गांव निवासी 60 वर्षीय मोहम्मद मुफिज और 15 वर्षीय किशोर मुसर्रफ हाथियों की चपेट में आ गए. हाथियों ने दोनों को कुचल दिया.

मोहम्मद मुफिज की मौत हो गई, किशोर जख्मी हो गया

अस्पताल ले जाते समय बुजुर्ग मोहम्मद मुफिज की मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल 15 वर्षीय किशोर का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद गांगी गांव और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में दहशत और भय का माहौल छाया हुआ है.

सुरक्षित तरीके से नेपाल सीमा के जंगलों की ओर खदेड़ने की कोशिश

बिहार पुलिस और वन विभाग की टीम घटनास्थल पर कैंप कर रही है. वन विभाग के अधिकारी मनीष प्रसाद यादव ने बताया कि वन विभाग की विशेष ट्रैकर टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है. सायरन और मशालों की मदद से उन्हें सुरक्षित तरीके से नेपाल सीमा के जंगलों की ओर खदेड़ने की कोशिश जारी है.

रिपोर्ट: अमित सिंह

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More