App

जितिया पर्व पर बड़ा हादसा: सिवान में पोखरे में डूबने से 3 बच्चियों की मौत, खुशियां मातम में बदली

सिवान में जितिया पर्व पर बड़ा हादसा हो गया. एमएच नगर हसनपुरा थाना क्षेत्र में एक पोखरे में डूबने से 3 बच्चियों की मौत हो गई. हादसे की वजह से खुशियां मातम में बदल गई.

जितिया पर्व पर बड़ा हादसा: सिवान में पोखरे में डूबने से 3 बच्चियों की मौत, खुशियां मातम में बदली
Image Credit: सिवान में तीन बच्चियों की डूबने से हुई मौत (Photo-AI)

बिहार के सिवान जिला में 3 अक्टूबर, 2026 शनिवार को जितिया पर्व के दौरान पोखरे में डूबने से तीन बच्चियों की मौत हो गई. तीनों बच्चियां एक ही गांव की रहने वाली थीं. इस घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और पर्व की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं.

एक ही गांव की तीनों बच्चियां
घटना एमएच नगर हसनपुरा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के टोला स्थित शिव मंदिर के पास पोखरे की है. बताया जा रहा है कि जितिया पर्व को लेकर पोखरे पर महिलाएं और बच्चियां पर्व की रस्मों के लिए पहुंची थी. इसी दौरान एक ही गांव की तीन बच्चियां भी पोखरे में नहाने के लिए उतर गईं.

तीनों बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगी
नहाने के दौरान तीनों बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगी. बच्चियों के डूबने की खबर मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने फौरन पानी में उतरकर उन्हें खोजने की कोशिश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों को पोखरे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

इन बच्चियों की हुई मौत
मृत बच्चियों की पहचान कमलेश साह की 14 वर्षीय बेटी अंशु कुमारी, राजू साह की 13 वर्षीय बेटी अंजली कुमारी और मनोज पंडित की 12 वर्षीय बेटी अनीशा कुमारी के रूप में हुई है. तीनों की एक साथ मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, परिजनों में चीख-पुकार मच गई.

रामपुर के टोला में मातमी सन्नाटा पसरा
एक ही गांव की तीन बच्चियों की मौत से रामपुर के टोला में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और आसपास के लोग पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने में जुटे हैं. वहीं, घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है, लेकिन परिजन शवों को लेकर घर चले गए हैं.

रिपोर्ट : अमित सिंह

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More