6 अक्टूबर को इन 6 वारदातों से दहल गया बिहार!: बेखौफ अपराधियों का तांडव, लूट, गोलीबारी और शव मिलने से सनसनी
बिहार में बेखौफ अपराधियों का कहर मंगलवार को नजर आया. दिनदहाड़े बैंककर्मी से लूट और गोलीबारी से राज्य थर्राया. वहीं, शव मिलने और तांबे के तार चोरी से सनसनी मच गई.
बिहार में 6 अक्टूबर, 2026 दिन मंगलवार को बेखौफ अपराधियों का तांडव देखने को मिला. लूट, गोलीबारी और शव मिलने से राज्य के कई जिले दहल गए. मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े पिस्टल की नोक पर बंधन बैंककर्मी से 1.30 लाख रुपए और बाइक की लूट हुई. मधुबनी में कॉलेज के पुस्तकालय अध्यक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया. सीतामढ़ी में अंतरजातीय प्रेम विवाह के विवाद में हिंसक वारदात हुई. लड़की पक्ष ने युवक के पिता को दरवाजे पर गोली मार दी. वहीं, नालंदा में मोबाइल टावर से तांबे का तार काटते एक चोर रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है और सुपौल में नहर किनारे अर्धनग्न हालत में मजदूर का शव मिलने से सनसनी मच गई, तो छपरा में 14 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. इन सभी क्राइम की खबरों को विस्तार से जानते हैं.
1. मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े निजी बैंककर्मी से लूट
मुजफ्फरपुर में बाइक सवार बेखौफ अपराधियों ने निजी बैंककर्मी से दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया है. अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर निजी बैंककर्मी से नकदी और बाइक लूट ली और फरार हो गए. दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. फिलहाल, पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है. दरअसल, नगर परिषद कांटी के वार्ड संख्या-24 स्थित रातल मैदान के समीप मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक से पहुंचे दो अज्ञात अपराधियों ने बंधन बैंक के कर्मी को पिस्टल दिखाकर करीब 1 लाख 30 हजार रुपये लूट लिए. इसके बाद अपराधी बैंककर्मी की बाइक भी लूटकर प्रखंड मुख्यालय की ओर फरार हो गए. घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई.
घटना की सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी (पश्चिमी) सुचित्रा कुमारी भी घटनास्थल पर पहुंचीं और बंधन बैंककर्मी अमित कुमार से पूरी घटना की जानकारी ली. अमित कुमार ने पुलिस को बताया कि 2 से 3 अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर वारदात को अंजाम दिया और रुपये व बाइक लेकर फरार हो गए. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. वहीं, पूरे मामले को लेकर डीएसपी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि बाइक सवार दो अपराधियों ने निजी बैंककर्मी अमित कुमार से लूट की घटना को अंजाम दिया है और फरार हो गए हैं. पुलिस पीड़ित से पूछताछ के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
2. मधुबनी में दिनदहाड़े कॉलेज कर्मी को मारी गोली
मधुबनी में बाइक सवार बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े कॉलेज कर्मी को गोली मार दी. गंभीर हालत में उन्हें रेफर किया गया है. वारदात लदनियां थाना क्षेत्र के चिकानोटवा गांव की है. जख्मी युवक की पहचान भुतहा गांव निवासी केशवर सिंह के रूप में हुई है, जो कॉलेज में पुस्तकालय अध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं. केशवर सिंह स्कूटी से बाजार गए थे, तभी बाइक सवार दो अपराधियों ने पीछा कर उन पर कई राउंड फायरिंग की. एक गोली युवक की पीठ में लगी, जिससे वे गिर पड़े. आसपास के लोगों ने जख्मी युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, मधुबनी रेफर कर दिया. बाद में सदर अस्पताल से उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया गया.
पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है. दिनदहाड़े हुई फायरिंग की वारदात से इलाके में दहशत है.
3. नालंदा में मोबाइल टावर से तांबे का तार काटते युवक गिरफ्तार
सिलाव बाजार के संगत कुआं के पास निजी कंपनी के मोबाइल टावर से तांबे का तार काटकर चोरी करने का प्रयास कर रहे दो युवकों में से एक को स्थानीय लोगों ने खदेड़कर पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया. बताया जाता है कि दोनों युवक टावर परिसर में पहुंचकर तांबे का तार काट रहे थे. तार कटने के बाद मोबाइल टावर ने काम करना बंद कर दिया, जिसकी जानकारी कंपनी के इंजीनियर ने टावर संचालक को दी. मौके पर पहुंचे संचालक ने दोनों युवकों को भागते देखा और शोर मचाकर स्थानीय लोगों को जुटाया. इसके बाद लोगों ने पीछा कर सिंह कॉलोनी के पास एक युवक को पकड़ लिया. पकड़े गए युवक की पहचान राजगीर थाना क्षेत्र के पंडितपुर गांव निवासी 22 वर्षीय दीपक डोम के रूप में हुई है.
लोगों का आरोप है कि सूचना के बावजूद पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची. बाद में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया. टेक्नीशियन रौशन कुमार के आवेदन पर पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. पिछले कई दिनों से तार काटने वाले गिरोह के सदस्यों से स्थानीय लोग परेशान थे. यह गिरोह मोबाइल टावर के तार काट लेता था, जिससे मोबाइल उपभोक्ताओं को काफी परेशानी होती थी.
4. सुपौल में संदिग्ध अवस्था में युवक का शव बरामद
सुपौल जिला के छातापुर थाना क्षेत्र के रानीपट्टी नहर के पास एक व्यक्ति का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान छातापुर पंचायत के वार्ड-11 निवासी 35 वर्षीय सुलचन मुखिया के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही छातापुर थानाध्यक्ष प्रमोद झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. वहीं जानकारी मिलने के बाद त्रिवेणीगंज एसडीपीओ दिलीप कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे. बताया गया कि घटना की छानबीन के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है.
घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि सुलचन मुखिया कल सुबह करीब 10 बजे घर से मजदूरी करने के लिए निकले थे, जो देर रात तक घर वापस नहीं लौटे. आज सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि नहर के किनारे एक शव पड़ा है. जब लोग वहां पहुंचे तो देखा कि सुलचन मुखिया का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा था, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों ने गमछे से गला घोंटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी है और मामले की जांच शुरू कर दी है. छातापुर थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है.
5. छपरा में गड्ढे से 14 वर्षीय किशोरी का शव बरामद
छपरा के मांझी-एकमा मुख्य मार्ग पर हलखोरी साह उत्क्रमित उच्च विद्यालय के सामने सड़क किनारे स्थित एक गड्ढे से मंगलवार को 14 वर्षीय किशोरी का शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई. मृतका की पहचान मांझी प्रखंड के नरपलिया चकाजी गांव निवासी नन्हक साह की पुत्री मधु कुमारी (14) के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है.
फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव सड़क किनारे गड्ढे तक कैसे पहुंचा. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं, शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
6. सीतामढ़ी में प्रेम विवाह के विवाद में युवक के पिता को मारी गोली
सीतामढ़ी जिला के सुप्पी थाना क्षेत्र स्थित मधुरापुर गांव में प्रेम विवाह को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद सोमवार की देर रात हिंसक हो गया. आरोप है कि लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने प्रेम विवाह करने वाले युवक के घर पहुंचकर उसके पिता को दरवाजे पर गोली मार दी. गोली लगने से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को आनन-फानन में सीतामढ़ी शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
बताया जा रहा है कि वर्ष 2021 में मधुरापुर निवासी राहुल कुमार ने प्रेम प्रसंग के बाद कोर्ट मैरिज की थी. दोनों के बीच अंतरजातीय विवाह होने के कारण लड़की के परिवार वाले इस शादी से नाराज थे. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चला आ रहा था. इसी विवाद के बीच सोमवार की देर रात राहुल के पिता को गोली मारने की घटना सामने आई है. सूचना मिलते ही सुप्पी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
मुजफ्फरपुर से मणितोष कुमार, मधुबनी से बिंदु भूषण, नालंदा से ऋषिकेश, सुपौल से सुभाष चंद्रा, छपरा से राकेश सिंह और सीतामढ़ी से त्रिपुरारी शरण की रिपोर्ट