)
राजद अध्यक्ष लालू यादव के बड़े बेटे और जेजेडी अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपनी जान को खतरा बताया है. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से सुरक्षा देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में उनके आवास के बाहर ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिन्हें सामान्य नहीं माना जा सकता. तेज प्रताप यादव ने कहा कि दो दिन पहले ही उनके आवास के बाहर दो लोगों को कथित तौर पर शराब के नशे में पकड़ा गया था. उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से मेरी सुरक्षा को लेकर लगातार गंभीर परिस्थितियां उत्पन्न हो रही हैं. दो दिन पूर्व मेरे आवास के बाहर दो शराब के नशे में लोगों को पकड़ा गया, जिसके बाद सचिवालय थाना को सूचना देकर पुलिस के हवाले किया गया. इसके बाद संबंधित लोगों के परिजनों द्वारा मेरे आवास के बाहर इकट्ठा होकर घेराव किया जाना सुरक्षा की दृष्टि से बेहद चिंताजनक घटना है.
जेजेडी अध्यक्ष ने कहा कि मेरे कार्यक्रम बिहार सहित देश के विभिन्न हिस्सों में प्रस्तावित हैं, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण मेरा आवागमन और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होना प्रभावित हो रहा है. लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए मेरी सुरक्षा को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए. मैं केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार से अपील करता हूं कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए, मेरे आवास एवं आवागमन की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाए और मुझे तत्काल पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए. किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाना बेहद जरूरी है.
बता दें कि गृह मंत्रालय की ओर से तेज प्रताप यादव वाई (Y) श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है. हालांकि, इसी साल एजेंसियों की समीक्षा बैठक के बाद लालू परिवार के सदस्यों की सुरक्षा में कटौती की गई थी. इसी दौरान तेज प्रताप की वाई श्रेणी की सुरक्षा भी वापस ले ली गई थी. इससे पहले विधानसभा चुनाव के दौरान तेज प्रताप को वाई प्लस सुरक्षा दी गई थी. तेज प्रताप यादव ने चुनाव के दौरान अपनी जान पर खतरा का हवाला देकर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी. चुनाव के बाद Y प्लस श्रेणी को वापस से Y श्रेणी में बदल दिया गया था.