App

पटाखे का वीडियो बना रहा था 13 साल का सोनू, तभी जोरदार धमाके के साथ पेट में जा घुसा ग्लास का टुकड़ा, मौत

समस्तीपुर में सोमवार को एक खौफनाक हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि विभूतिपुर थाना क्षेत्र में एक स्टील ग्लास में पटाखा फोड़ने का वीडियो मोबाइल से बना रहा था, तभी जोरदार धमाका होता है और ग्लास का एक टुकड़ा उसके पेट में घुस जाता है, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई.

पटाखे का वीडियो बना रहा था 13 साल का सोनू, तभी जोरदार धमाके के साथ पेट में जा घुसा ग्लास का टुकड़ा, मौत
Image Credit: समस्तीपुर में स्टील ग्लास में पटाखा फोड़ने का वीडियो बना रहे छात्र के पेट में घुसा टुकड़ा, मौत (Photo-AI)

समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सलखन्नी वार्ड 13 में 16 नवंबर सोमवार की सुबह स्टील ग्लास में पटाखा फोड़ने के दौरान हुए हादसे में 13 वर्षीय छात्र की मौत हो गई. पटाखे के विस्फोट से स्टील ग्लास के तीन-चार टुकड़े हो गए. इसी दौरान एक टुकड़ा पास में खड़े होकर मोबाइल से वीडियो बना रहा छात्र के पेट में जा घुसा. गंभीर रूप से जख्मी छात्र को परिजन पहले सिंघियाघाट के एक निजी अस्पताल ले गए. वहां से रेफर किए जाने के बाद उसे समस्तीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

मोबाइल में वीडियो कैद कर रहा था 13 साल का छात्र

घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोमवार की सुबह पड़ोस का एक लड़का स्टील ग्लास में पटाखा रखकर फोड़ रहा था. वहीं, मोहम्मद जाकिर का 13 वर्षीय पुत्र मोहम्मद सोनू कुमार मोबाइल से इसका वीडियो बना रहा था. जैसे ही पटाखे में विस्फोट हुआ, तेज धमाके के साथ स्टील ग्लास के टुकड़े बिखर गए. इसी दौरान एक टुकड़ा सोनू के पेट में जा लगा और अंदर घुस गया. इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया.

उत्क्रमित मध्य विद्यालय सलखन्नी में 6वीं कक्षा का छात्र था सोनू

घटना के बाद परिजनों में अफरातफरी मच गई. आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. बताया जाता है कि सोनू का आंत बाहर निकल गया था. सोनू उत्क्रमित मध्य विद्यालय सलखन्नी में 6ठीं कक्षा का छात्र था. घटना के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया.

छात्र की मौत से परिजनों का रो-रोकर हालत खराब, क्षेत्र में पसरा मातम

सोनू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. मां रुखसाना बेगम और पिता मोहम्मद जाकिर का रो-रोकर बुरा हाल है. बहन हिना खातून, खुशबू खातून और भाई मोहम्मद साहिल समेत अन्य परिजन दहाड़ मारकर रो रहे हैं. बुद्धिजीवी और जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे थे.

सहरसा में आग से हाहाकार, टेंट हाउस का गोदाम राख

वहीं, दूसरी तरफ सहरसा जिला के सदर थाना क्षेत्र के बटराहा वार्ड नम्बर - 35 में उस वक्त अफरातफरी का माहौल हो गया, जब एक टेंट हाउस के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेज थी कि तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया. 

इधर, आग कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों की टीम आग बुझाने का प्रयास करने लगी, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि दमकल की गाड़ियां भी कम पड़ गई. इसके बाद और भी दमकल की गाड़ी मंगाई गई, फिर कई दमकल की गाड़ियों की मदद से घंटों देरी बाद आग पर किसी तरह काबू पाया गया. इस दौरान टेंट हाउस के गोदाम में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया. हालांकि, कैसे लगी यह स्पष्ट नहीं हो सका है. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम छानबीन में जुटी हुई है.

रिपोर्ट: मनटुन कुमार रॉय

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More