App

मधेपुरा: बारात में हथियार दिखाने का विरोध करने पर चली गोली, 5 साल के बच्चे की मौत और दूसरा घायल

बिहार के मधेपुरा में सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां शादी समारोह में ताबड़तोड़ फायरिंग के दौरान मासूम को गोली लग गई. इस दौरान बच्चे की मौत हो गई.

मधेपुरा: बारात में हथियार दिखाने का विरोध करने पर चली गोली, 5 साल के बच्चे की मौत और दूसरा घायल
Image Credit: मधेपुरा फायरिंग (फाइल फोटो)

मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत जोतैली गांव के गुलाब टोला (वार्ड संख्या 12) में एक शादी समारोह के दौरान गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है. ताबड़तोड़ फायरिंग में दो बच्चों को गोली लग गई, जिसमें पांच वर्षीय सरफराज की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा अली हसन गंभीर रूप से घायल है. इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. वहीं, परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. उनका रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

बारातियों को दिखाने लगा हथियार

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रोशनगंज के रहने वाले हैं. वे अपने परिजनों के साथ शादी समारोह में शामिल होने जोतैली स्थित अपने ननिहाल (मो. जमील के यहां) आए थे. परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, मो. जमील की पुत्री की शादी थी. बारात के दौरान गुलाब टोला निवासी शेख इस्लाम के पुत्र औरंगजेब आलम कथित तौर पर बारातियों को हथियार दिखाने लगे. लोगों ने समझा-बुझाकर उन्हें वहां से हटा दिया.

दोनों बच्चों को लगी एक-एक गोली

आरोप है कि कुछ घंटे बाद औरंगजेब आलम ने शाहरुख आलम (पिता - जमील) पर गोली चला दी. हालांकि, गोली शाहरुख को नहीं लगी, बल्कि वहां मौजूद दोनों बच्चों को एक-एक गोली लग गई. गोली लगने से सरफराज के सीने में गंभीर चोट आई, जबकि अली हसन कमर के ऊपर गोली लगने से घायल हो गया. दोनों को तत्काल जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया. इसी बीच, पाँच वर्षीय सरफराज की मौत हो गई.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बिहारीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है. इस संबंध में उदाकिशुनगंज के एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने बताया कि शादी समारोह में गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई है, जबकि दूसरे घायल बच्चे का इलाज करवाया जा रहा है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More