)
दीपावली और छठ पर्व के दौरान अपने घरों तक पहुंचने के लिए रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी यात्रियों की भीड़ के बीच उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने बेहतर प्रबंधन का दावा किया है. त्योहारों के दौरान 16 नवंबर तक मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से करीब 22 लाख 50 हजार यात्रियों ने सफर किया.
अंबाला से रेलवे को ने की 48 करोड़ रुपये आमदनी
इस दौरान रेलवे को इस दौरान लगभग 48 करोड़ रुपये की आमदनी हुई. यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया. इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए.
त्योहारों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी
अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान हर साल ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है. ऐसे में रेलवे की कोशिश रही कि यात्रियों को समय पर सही जानकारी मिले और वे बिना किसी परेशानी के अपनी ट्रेन तक पहुंच सकें. इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई थी.
रेलवे अधिकारियों से लेकर ग्राउंड स्टाफ तक ने जिम्मेदारी निभाई
उन्होंने कहा कि रेलवे अधिकारियों से लेकर ग्राउंड स्टाफ तक सभी ने अपनी जिम्मेदारी निभाई. पूरी टीम ने आपसी तालमेल के साथ काम किया, जिसके चलते यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सफलता मिली. उनके मुताबिक, इस दौरान किसी बड़ी असुविधा या शिकायत की जानकारी सामने नहीं आई.
नवंबर के अंत तक स्पेशल ट्रेनों के फेरे होंगे पूरे
वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि त्योहारों के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेनों में से कुछ के फेरे पूरे हो चुके हैं, जबकि बाकी बचे हुए फेरे नवंबर के अंत तक पूरे कर लिए जाएंगे. रेलवे की कोशिश रही कि लोग सुरक्षित और सुविधाजनक सफर के साथ अपने घर पहुंचें और परिवार के साथ दीपावली एवं छठ का त्योहार खुशी से मना सकें.
(अंबाला से अमन कपूर की रिपोर्ट)