)
पश्चिम चंपारण जिला के रामनगर में 5 नवंबर बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. शहर के त्रिवेणी चौक से सबुनी रोड के बीच कई घर आग की चपेट में आ गए. आरोप है कि अतिक्रमणकारियों ने खुद ही आग लगा दी. घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई में जुट गई है.
दरसअल, रामनगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान का आज तीसरा दिन है. लिहाजा, प्रशासन की ओर से पहले ही अतिक्रमणकारियों को सरकारी जमीन खाली करने की सूचना और नोटिस दी गई थी. मगर, अभियान का बुधवार से ही विरोध प्रदर्शन जारी है.
इसी बीच गुरुवार को त्रिवेणी चौक से सबुनी रोड के बीच अचानक आग लग गई. देखते ही देखते कई घर धू-धू कर जलने लगे यही वजह है कि घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
प्रशासन का कहना है कि कुछ अतिक्रमणकारियों ने खुद ही आग लगाई है. वहीं, घटना के वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. इधर पुलिस ने कुछ असामाजिक तत्वों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
रामनगर के सीओ वेद प्रकाश ने घटना की पुष्टि की है. फिलहाल, पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच और दोषियों की पहचान समेत आगे की कार्रवाई में जुटी है.
बता दें कि बुधवार को रामनगर के त्रिवेणी चौक से सबुनी रोड का इलाके में जब पुलिस और प्रशासनिक अमला जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचा, तो माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. लोग कार्रवाई के विरोध में सड़कों पर उतर आए. अधिकारियों का कहना है कि इन परिवारों को पहले ही नोटिस दिया जा चुका था और अब कानूनी प्रक्रिया के तहत ही यह कार्रवाई हो रही है.
रामनगर के ईओ मुकेश कुमार ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जो लोग बेघर हो रहे हैं, उनके पुनर्वास यानी उन्हें दूसरी जगह बसाने को लेकर गंभीरता से काम चल रहा है.
रिपोर्ट: इमरान अजीज