)
दीपावली की खुशियों के बीच बिहार के कई जिलों से दहला देने वाली आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं. भोजपुर में गाना बजाने के विवाद में स्कॉर्पियो से लोगों को कुचलने से दो लोगों की मौत हो गई, तो वहीं वैशाली, सासाराम, मधेपुरा और बेगूसराय में भी हत्या की सनसनीखेज वारदातों से पर्व की रात मातम पसर गया. इन घटनाओं में अब-तक 6 लोगों की जान गई है.
भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव में दीपावली की रात मंदिर में गाना बजाने के विवाद को लेकर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने आठ लोगों को रौंद दिया. इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की इलाज के दौरान जान चली गई. इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार लोगों को टक्कर मारने के बाद उन्हें गाड़ी से घसीटते हुए आगे निकल गया. किसी के सीने पर गाड़ी चढ़ गई, तो किसी के हाथ-पैर कुचल गए.
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. इनमें से तीन लोगों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है. मृतकों की पहचान रामडिहरा गांव के वार्ड नंबर 17 निवासी रामनरेश यादव के 45 वर्षीय पुत्र कमलेश यादव और 55 वर्षीय पुत्र दिनेश यादव के रूप में हुई है. वे पेशे से गाड़ी व्यवसायी थे. घायलों में रमेश यादव के 13 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार और राजेश कुमार के 15 वर्षीय पुत्र रितु कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं.
मृतक के बेटे रोहित ने बताया कि गांव के सूर्य मंदिर पर छठ का गाना बज रहा था. इसी दौरान एक स्कॉर्पियो पर सवार होकर गांव का एक व्यक्ति वहां पहुंचा और उनके भाई मुन्ना यादव से गाना बंद करने को कहा. उसने धमकी दी कि इसके बाद गाना नहीं बजना चाहिए. इसी बात को लेकर मुन्ना यादव और स्कॉर्पियो सवार व्यक्ति के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई. इसके बाद मुन्ना यादव ने फोन कर परिवार के लोगों को घर से बुलाया. इस बीच स्कॉर्पियो सवार वहां से चला गया. कुछ देर बाद जब सभी लोग इकट्ठा होकर आपस में बात कर रहे थे, तभी वह स्कॉर्पियो लेकर दोबारा वहां पहुंचा और तेज रफ्तार में लोगों को रौंद दिया.
रोहित ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार ने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी तथा लोगों को घसीटता रहा. जब ग्रामीणों ने गाड़ी का पीछा किया, तो वह मौके से फरार हो गया. घटना के बाद घायलों को खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया गया. आरा सदर अस्पताल के ऑन-ड्यूटी चिकित्सक अशोक कुमार ने बताया कि पांच-छह लोगों को गंभीर जख्मी हालत में लाया गया था, जिनमें कमलेश यादव की अस्पताल पहुंचने के दौरान मौत हो गई. उनके सिर और मुंह से काफी खून बह रहा था. दिनेश यादव के सीने पर गाड़ी चढ़ने से अंदरूनी चोट आई है. घटना की सूचना मिलने के बाद बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है. मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
दीपावली की खुशियों के बीच वैशाली के हाजीपुर में हुई एक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया. औद्योगिक थाना क्षेत्र की राजपूत कॉलोनी में एक पति ने कथित तौर पर अपनी ही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. आरोपी पति ने पत्नी के सिर में पिस्टल से गोली मारी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई. मामले की गंभीरता को देखते हुए SDPO सुबोध कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई है. पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. हालांकि, इस सनसनीखेज हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात की असली वजह सामने आ सकेगी.
सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहद्दीगंज में आपसी रंजिश में गला दबाकर 16 वर्षीय बालक की हत्या का मामला प्रकाश में आया है. मृतक का नाम रोहित कुमार है, जो सासाराम के कुराईच का रहने वाला है. बताया जाता है कि बीती रात दीपावली पर वह दोस्तों के साथ घूमने गया हुआ था. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और मारपीट के दौरान दोस्तों ने ही रोहित कुमार का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. मृतक के पिता का नाम राजू सिंह है. पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
मधेपुरा जिले के चौसा प्रखंड अंतर्गत पूर्वी पंचायत के खोपड़ियां गांव में दीपावली की रात गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान सुबोध कुमार सिंह के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. मृतक सुबोध कुमार सिंह के भाई अशोक सिंह ने बताया कि वे गांव में ही अपने परिवार के साथ मिलकर वापस आ रहे थे, तभी उन पर गोली चलाई गई, जिससे उनकी मौत हो गई. मृतक ने दो शादियों की थीं और उनके बच्चे हैं. उदाकिशुनगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. पूछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
बेगूसराय में अपराधियों ने एक गाड़ी मालिक की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को आम के पेड़ से फंदे के सहारे लटका दिया. घटना एफसीआई थाना क्षेत्र के बिहट स्थित एक आम के बगीचे की है. मृतक की पहचान नावकोठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव निवासी रामकुमार सिंह के पुत्र सनी कुमार के रूप में की गई है. सनी अपने परिवार का इकलौता बेटा था और अपनी गाड़ी भाड़े पर चलवाता था.
मृतक के पिता रामकुमार सिंह के मुताबिक, बीती रात सनी गाड़ी लेकर भाड़े पर जाने की बात कहकर घर से निकला था. बाद में उसका मोबाइल फोन बंद हो गया. काफी तलाश के बाद उसकी गाड़ी जीरोमाइल के पास मिली, और जब खोजबीन जारी रखी गई तो बिहट स्थित आम के बगीचे में उसका शव आम के पेड़ से लटका हुआ मिला. परिजनो ने आशंका जताई है कि लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई करने के बाद उसकी हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को पेड़ से लटका दिया गया. एफसीआई थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की छानबीन कर रही है.
रिपोर्ट: जी मीडिया