App

समस्तीपुर में नहीं थम रहा वायरल वीडियो का सिलसिला: हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती रही युवती, लेकिन शोहदे करते रहे मारपीट!

समस्तीपुर में वायरल वीडियो का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. एक और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक लड़की युवकों के सामने हाथ जोड़कर छोड़ देने की गुहार लगा रही है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

समस्तीपुर में नहीं थम रहा वायरल वीडियो का सिलसिला: हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती रही युवती, लेकिन शोहदे करते रहे मारपीट!
Image Credit: समस्तीपुर वायरल वीडियो (जी मीडिया)

समस्तीपुर जिले से लड़कियों के साथ अभद्रता से जुड़े वायरल वीडियो का सिलसिला लगातार सामने आ रहा है. अब तीसरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो को कल्याणपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. वीडियो में एक युवती कुछ युवकों के सामने हाथ जोड़कर छोड़ देने की गुहार लगाती नजर आ रही है. आरोप है कि युवती के हाथ जोड़ने और मिन्नत करने के बावजूद युवक नहीं माने और उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं.

महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल
वीडियो में युवकों की हरकतों को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है. हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि जी मीडिया नहीं करता है. वीडियो कब का है, कहां का है और इसमें नजर आ रहे युवक कौन हैं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है. वहीं, पुलिस की ओर से भी इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. समस्तीपुर में लगातार सामने आ रहे ऐसे वीडियो ने पुलिस गश्ती और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. अब देखना होगा कि पुलिस इस वीडियो की जांच कर इसकी वास्तविकता सामने लाती है या नहीं.

मुसरीघरारी मामले में एक और धराया
वहीं, इससे पहले भी नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और अभद्रता का वीडियो वायरल होने के मामले में मुसरीघरारी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है. बता दें कि वायरल वीडियो करीब एक साल पुराना बताया जा रहा है, लेकिन घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और कार्रवाई शुरू की. पुलिस पदाधिकारी के बयान के आधार पर मुसरीघरारी थाना में भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कांड संख्या 159/26 दर्ज किया गया है.

मामले में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने लाटवसेपुरा से गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटवसेपुरा निवासी धर्मेंद्र साहनी के रूप में हुई है. वहीं, पुलिस अब दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के ही मोरवा डीह निवासी रघु मिश्रा के पुत्र रौशन मिश्रा के रूप में हुई है. इस मामले में दो आरोपी अब भी पुलिस के गिरफ्त से बाहर है.

रिपोर्ट: मंटुन कुमार रॉय

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More