)
बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग लड़की से छेड़खानी करने वालों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है. पुलिस ने इस घटना के मास्टरमाइंड नंदन यादव को हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना पर लोगों के गुस्से के बावजूद प्रदेश में ऐसी घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है और लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं. इन घटनाओं को लेकर राजद विधायक भाई वीरेंद्र काफी गुस्से में हैं और उन्होंने दोषियों के लिए फांसी की मांग की है. राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने ऐसी घटनाओं को लेकर पुलिस-प्रशासन के साथ-साथ सरकार पर भी जोरदार हमला बोला है.
प्रदेश में क्राइम पर कंट्रोल नहीं- भाई वीरेंद्र
भाई वीरेंद्र ने डीएम-एसपी जैसे अधिकारियों में जातियां खोजकर सेलेक्टिव पोस्टिंग को लेकर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने लड़कियों से छेड़खानी करने वालों के एनकाउंटर को सजा नहीं मानते हुए, आरोपी के लिए फांसी की मांग की है. भागलपुर में भाई वीरेंद्र ने कहा कि जमुई, समस्तीपुर के बाद बांका में छेड़खानी हुई, जिसने बिहार को शर्मसार किया है. उन्होंने कहा कि मोबाइल नहीं होता तो लोगों को घटना की जानकारी भी नहीं होती. राजद विधायक ने कहा कि प्रदेश में क्राइम पर कंट्रोल नहीं है.
जाति के नाम पर पोस्टिंग करने का आरोप
भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि डीएम हो या एसपी हो, सारी जगहों पर जाति के नाम पर पोस्टिंग की जा रही है. राजद विधायक ने आरोप लगाया कि ये लोग पैसे देकर आ रहे हैं. लोग कहते हैं कि ये लोग पैसा लेंगे, तब आपका काम करेंगे. इसलिए सरकार से मैं कहूंगा कि सभी जात धर्म के जो अच्छे लोग हैं, उन्हें जिले का भार दीजिये, नहीं तो सभी लोग डरे हुए हैं. हर कोई अपने को असुरक्षित महसूस कर रहा है. उन्होंने कहा कि यह एनकाउंटर सजा नहीं है, उसे फांसी के तख्ते तक पहुंचाने का काम किया जाए.
राजद विधायक ने फांसी की डिमांड की
राजद विधायक ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन हाफ एनकाउंटर करके कहता है कि हमने एनकाउंटर कर दिया, उसमे भी कुछ लोगों को बचाया जा रहा है. कुछ को जाति के नाम पर मारा जा रहा है. उन्होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं है. वह अपराधी है, उसे कानून फांसी के तख्ते तक पहुचाएं.
रिपोर्ट- अश्विनी