)
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी से हनुमान अंश फिल्म के म्यूजिक डायरेक्टर सह सिंगर ऋषि पाठक ने 3 अक्टूबर, 2026 दिन शनिवार को मुलाकात की. इस दौरान ऋषि पाठक ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की हनुमान अंश फिल्म के डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और लेखक विशाल चतुर्वेदी से वीडियो कॉल पर बात कराई. बातचीत के दौरान हनुमान अंश के फिल्म डायरेक्टर ने बिहार आकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने की इच्छा जताई.
हनुमान अंश फिल्म ने उन सभी पुरानी धारणाओं को तोड़ दिया
वहीं, म्यूजिक डायरेक्टर ऋषि पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलकर काफी अच्छा लगा. मुख्यमंत्री ने फिल्म की काफी तारीफ की. उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद नहीं थी कि फिल्म इतनी सुपर हिट हो जाएगी, लेकिन हनुमान जी पर भरोसा था. ऋषि पाठक ने कहा कि डायरेक्टर और प्रोड्यूसर की जिस एक लीक से हटकर फिल्म बनाने की सोच थी, हनुमान अंश फिल्म ने उन सभी पुरानी धारणाओं को तोड़ दिया है.
यह बेहद कम बजट की फिल्म
उन्होंने कहा कि यह बेहद कम बजट की फिल्म है. लोगों ने इस फिल्म को बहुत प्यार और आशीर्वाद दिया है. वहीं, ऋषि पाठक के पिता ने कहा कि आज मैं बेहद खुश हूं. मेरे बेटे ने हनुमान अंश जैसी फिल्म में काम करके बिहार और पूरे देश का नाम रोशन किया है.
बिहार के हैं सिंगर ऋषि पाठक
बता दें कि हनुमान अंश फिल्म के म्यूजिक डायरेक्टर सह सिंगर ऋषि पाठक बिहार के मिथिला क्षेत्र के रहने वाले हैं. हनुमान अंश फिल्म नीम करौली बाबा पर आधारित है. इस फिल्म की देश-दुनिया में काफी तारीफ हो रही है और लोग खूब पसंद कर रहे हैं. हनुमान अंश फिल्म में ऋषि पाठक ने म्यूजिक दिया है. साथ ही एक्टिंग भी इस फिल्म में की है.
बॉक्स ऑफिस पर बनाए रखा है दबदबा
वहीं, फिल्म हनुमान अंश बॉक्स ऑफिस पर रोज नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है. इस फिल्म ने इंडियन सिनेमा के इतिहास में 8वें हफ्ते की सबसे अधिक कमाई का रिकॉर्ड बना दिया है. आज भी सिनेमाघरों में फिल्म हनुमान अंश ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है. हालांकि, पहले की तुलना में रफ्तार थोड़ी कम हुई है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर दबदबा बनाए रखा है.
रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा