बेगूसराय में सुबह-सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग: 3 लोगों को लगी गोली, एक की हालत गंभीर
Begusarai News: बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड के पास बाइक सवार बदमाशों ने सुबह-सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोलीबारी में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
Begusarai News: बिहार के बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने सुबह-सुबह ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना को अंजा दिया है. इस गोलीबारी में तीन लोगों को गोली लगी है. गोली लगने में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. इस घटना के बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह घटना बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास की है. घायलों की पहचान गाछी टोला निवासी मनोज पासवान, अर्जुन शाह और एक ऑटो चालक के रूप में हुई है.
सुबह फल की दुकान खोल रहे थे अर्जुन शाह
बताया जा रहा है कि अर्जुन शाह सुबह-सुबह बस स्टैंड के पास अपनी फल की दुकान खोल रहे थे. इसी दौरान मनोज पासवान भी वहां मौजूद थे. तभी बाइक सवार बदमाश मौके पर पहुंचे और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. अपराधियों ने कई राउंड गोलियां चलाईं. अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान वहां मौजूद तीन लोगों को गोली लग गई.
तीन घायलों में एक की हालत गंभीर
गोली लगने के बाद आसपास के लोगों ने आनन-फानन में तीनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां एक घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और सदर डीएसपी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे भी बरामद किए हैं.
अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी हुई है. शुरुआती जांच में गोलीबारी के कारणों का पता नहीं चल पाया है. घटना के बाद बस स्टैंड और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है. सुबह-सुबह हुई इस ताबड़तोड़ गोलीबारी ने एक बार फिर बेगूसराय में अपराधियों के बढ़ते मनोबल पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.
रिपोर्ट: जितेन्द्र चौधरी