'नाम चाहे किसी का हो, बस पुल बनना चाहिए', 'नीतीश सेतु' के उद्घाटन से पहले प्रशांत किशोर बोले- सम्राट से दुश्मनी नहीं
पीएम नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार के दौरे पर आ रहे हैं. इस दौरान वह 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन करेंगे. वहीं, इससे पहले सेतु के नामकरण को लेकर सियासत शुरू हो गई है. इस बीच प्रशांत किशोर ने कहा कि किसी के नाम पर भी बने, बिहार में पुल बनना चाहिए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे और 'नीतीश सेतु' के उद्घाटन से पहले प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है. इस बीच जन सुराज के संस्थापक और विधायक प्रशांत किशोर ने पुल के नाम को लेकर चल रही बहस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य में विकास कार्य होना सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि पुल किसी के भी नाम पर बने, लेकिन उसका निर्माण होना चाहिए.
किशोर का यह बयान उस वक्त आया है, जब पीएम मोदी का 21 नवंबर को बिहार आगमन है. इस दौरान पीएम मोदी कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल, जिसका नामकरण राज्य सरकार द्वारा 'नीतीश सेतु' किया गया है, का उद्घाटन करेंगे. प्रशांत किशोर ने पटना में कहा कि यह अच्छी बात है, पुल तो बनना ही चाहिए. चाहे यह किसी के भी नाम पर बने, बस पुल बन जाना चाहिए, यही अच्छी बात है.
सीएम सम्राट चौधरी से अपनी मुलाकात का जिक्र करते हुए किशोर ने कहा कि यह बिहार की संस्कृति है. हमारी संस्कृति में, सार्वजनिक जीवन या सामाजिक जीवन के किसी भी पहलू में, जब आप किसी से मिलते हैं, तो कोई निजी लड़ाई या निजी दुश्मनी नहीं होती. जो भी मतभेद हैं, वे वैचारिक हैं, ये मतभेद बिहार के विकास को लेकर हैं. उन्होंने कहा कि निजी तौर पर मेरा सम्राट चौधरी से न कोई संबंध है, न ही कोई लगाव है और न ही उनसे कोई दुश्मनी है.
आस्था के महापर्व छठ पूजा के दूसरे दिन खरना को लेकर उन्होंने शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि हम कामना करते हैं कि ऐसा भी छठ पर्व आए हमारे जीवन में, जब बिहार में समृद्धि और विकास हो, शांति हो, यही कामना है.
दूसरी ओर, 'नीतीश सेतु' को लेकर बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि साल 2005 के बाद बिहार में जो निर्माण और विकास कार्य हुए हैं, उनमें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बहुत बड़ा योगदान है. मैं बिहार सरकार, प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करना चाहता हूं, क्योंकि जिस नए पुल का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री आ रहे हैं, उसमें भी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का योगदान है.
इनपुट: आईएएनएस