App

ब्राह्मणों को तो प्रशांत किशोर ने नसीहत दे दी, क्या मुसलमानों से भी ऐसी ही अपील कर पाएंगे जन सुराज पार्टी के संस्थापक?

अपनी पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए प्रशांत किशोर जी जान से जुटे हुए हैं. इसके लिए वे तरह तरह के तिकड़म और रणनीतियों पर काम कर रहे हैं. बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव और दरभंगा शिक्षक विधान परिषद सीट जीतने के बाद उनका मनोबल बढ़ा है.

ब्राह्मणों को तो प्रशांत किशोर ने नसीहत दे दी, क्या मुसलमानों से भी ऐसी ही अपील कर पाएंगे जन सुराज पार्टी के संस्थापक?
Image Credit: प्रशांत किशोर, संस्थापक, जन सुराज पार्टी (File Photo)

'आपकी असली ताकत कलम है, हथियार नहीं, लेकिन आप उनसे दूरी बनाते चले जा रहे हैं. जो मुस्लिम आपके दोस्त हुआ करते थे, आज आपने उनसे दूरी बना ली है, उनको आप पाकिस्तानी बोलते हैं, देशद्रोही बोलते हैं, यह कौन सा बुद्धिजीवी होने का निशानी है?' यह बोल हैं जन सुराज पार्टी के मुखिया प्रशांत किशोर के. बिहार की राजनीति में हाशिये पर पहुंचे ब्राह्मणों को प्रशांत किशोर ने एक तरह से 'झकझोरने' का काम किया है. कितना सफल होंगे, यह समय बताएगा, लेकिन बिहार की राजनीति में जहां पिछड़ों और दलितों की राजनीति का बोलबाला हो, वहां अभी ब्राह्मणों को लेकर राजनीतिक समीकरण की बात करना प्रशांत किशोर के लिए नुकसान नहीं, फायदे का सौदा है. और यह एक दिन का नफा नहीं है, बल्कि लंबे समय के लिए निवेश के बराबर है. एक सवाल इसमें यह है कि प्रशांत किशोर ने जो बात ब्राह्मणों से कही, क्या इसी तरह वे मुसलमानों से भी अपील करेंगे?

खास बात यह है कि प्रशांत किशोर ने अपने संबोधन में ब्राह्मणों के अलावा मुसलमानों को फोकस में रखा. बिहार की जातीय गणना, 2023 की रिपोर्ट बताती है कि राज्य में मुसलमानों की संख्या 17.70 प्रतिशत है. दूसरी ओर, बिहार में ब्राह्मणों की संख्या 3.66 प्रतिशत है. यह दोनों समुदाय मिलकर 21 प्रतिशत से ज्यादा हो जाता है. इसमें मुसलमान राष्ट्रीय जनता दल का आधार वोटर है, तो ब्राह्मण भारतीय जनता पार्टी का. प्रशांत किशोर इन दोनों समुदायों को अपनी ओर लाना चाहते हैं. ऐसा करके वे बिहार में खुद के लिए नीतीश कुमार से भी बेहतर जातीय आधार तैयार करना चाहते हैं.

अभी बिहार में कुशवाहा की संख्या 4.21 प्रतिशत और कुर्मी समुदाय के लोगों की संख्या 2.88 प्रतिशत है. दोनों मिलकर 7 प्रतिशत से अधिक होते हैं, जो ब्राह्मण और मुसलमानों के कुल नंबर से बहुत कम है. अगर प्रशांत किशोर इसमें बाजी मार ले जाते हैं, तो यह उनके लिए बहुत बड़ी उपलब्धि हो सकती है. लेकिन, सवाल यह है कि क्या प्रशांत किशोर सफल होंगे? क्या मुसलमान राष्ट्रीय जनता दल और लालू प्रसाद यादव की वफादारी छोड़ देंगे? क्या ब्राह्मण भारतीय जनता पार्टी के प्रति अपना विश्वास डिगा पाएंगे?

एक बात जान लीजिए कि राजनीति में होने को तो कुछ भी हो सकता है, लेकिन क्या प्रशांत किशोर के इतना भर कह देने से ऐसा हो सकता है. क्या ब्राह्मण और मुसलमान उनकी ओर आ जाएंगे? इसमें मुश्किलात यह है कि ब्राह्मण मुसलमानों की तुष्टीकरण की राजनीति के धुर विरोधी होते हैं. कांग्रेस से ब्राह्मणों का मोहभंग तभी हुआ, जब मुसलमानों की तुष्टीकरण की राजनीति की अति हो गई थी. ऐसे में इतनी आसानी से ब्राह्मण मुसलमानों की ओर खिंचा चला जाएगा, कहना कठिन है.

मिथिला के ब्राह्मणों की एक विशिष्ट पहचान है, जो सदियों से चली आ रही संस्कृत विद्वता, मैथिली साहित्य, वंशावली परंपरा और दरभंगा राज की विरासत से जुड़ी है. संख्या में कम होने के बावजूद, शिक्षा, ज़मीन के स्वामित्व और बिहार की राजनीति पर उनके ऐतिहासिक प्रभाव ने उन्हें उत्तर बिहार में एक महत्वपूर्ण चुनावी वर्ग बनाया है. प्रशांत किशोर ने दावा किया कि ब्राह्मण नेताओं को पहले मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन मिलता था, लेकिन भाजपा से जुड़ने और सोशल मीडिया पर मुसलमानों के खिलाफ बयानबाजी करने के बाद उन्होंने यह समर्थन खो दिया. हालांकि, उनकी बातों का कोई आधार नहीं है. वे तब की बात कर रहे हैं, जब सभी समुदाय मिलकर कांग्रेस को वोट देते थे. तब की स्थिति और अब के हालात बिल्कुल बदल गए हैं.

प्रशांत किशोर यह अच्छी तरह जानते हैं कि ब्राह्मण समाज का बहुत बड़ा हिस्सा भाजपा समर्थक है. वे यह भी समझते हैं कि भारतीय राजनीति में राजनीति की दिशा कैसे तय होनी चाहिए? इसे कैसे बदल जाना चाहिए, यह एजेंड़ा तय करने का काम ब्राह्मण वर्ग ही करता आ रहा है. आज भी जब यूजीसी गाइडलाइंस के विरोध में ब्राह्मण और अन्य सवर्ण जातियां उठ खड़ी हुई हैं, तो सरकार सावधान हो गई है. सरकार को पता है कि ब्राह्मण और अन्य सवर्ण नाराज हो गए तो उसका आधार ही खिसक जाएगा.

प्रशांत किशोर जो कहना नहीं चाह रहे हैं, वो यह कि अगर ब्राह्मण उनके पीछे लामबंद हो गया तो पिछड़े और दलित भी उनकी ओर खिंचे चले आएंगे. प्रशांत किशोर की टाइमिंग भी देखिए. उनको पता है कि सवर्ण आजकल यूजीसी गाइडलाइंस से नाराज चल रहे हैं. इसलिए उन्होंने पासा फेंक दिया है, ताकि वे तीसरे विकल्प के रूप में सामने आ सकें. खुद प्रशांत किशोर ने यूजीसी गाइडलाइंस पर बचते बचते बयान दिया है. उन्होंने कहा था कि जो लोग मोदी मोदी के नारे लगाते थे, उन्हें सरकार से पूछना चाहिए कि यह क्यों लाया गया. हालांकि, उन्होंने खुद कभी इस गाइडलाइंस की आलोचना नहीं की.

प्रशांत किशोर ने बिहार चुनाव से पहले मुसलमानों को 40 सीटों पर उम्मीदवार बनाने की बात कही थी. इसके साथ ही उन्होंने 40 सीटों पर महिला उम्मीदवार उतारने की भी बात कही थी, लेकिन 28 मुसलमान प्रत्याशी उतारे और 25 महिला उम्मीदवार. इस तरह उन्होंने अपने दोनों वादे पूरे नहीं किए. एक बात और, प्रशांत किशोर ने ब्राह्मणों से तो अपनी बात कह दी, लेकिन उन्होंने मुसलमानों से यही बात कही क्या? नहीं. वे पुराने जमाने के कांग्रेस वाली राजनीति कर रहे हैं, जब कांग्रेस तुष्टीकरण का खेल खेलती थी. प्रशांत किशोर को मौका मिलेगा, तो वे कांग्रेस की तरह तुष्टीकरण की राजनीति नहीं करेंगे, इसकी क्या गारंटी है?

कुल मिलाकर प्रशांत किशोर अभी खुद को मजबूत नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल को कमजोर करने की रणनीति पर चल रहे हैं. अगर प्रशांत किशोर की ओर 3.66 प्रतिशत ब्राह्मण वोट आ गया तो बीजेपी कमजोर होगी और अगर राष्ट्रीय जनता दल का 17.70 प्रतिशत मुसलमान वोट पीके की तरफ चला गया तो वह धराशायी हो जाएगी. शायद प्रशांत किशोर इसी इरादे से काम कर रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sunil Mishra

Sunil Mishra

इंडस्ट्री में 2 दशकों का अनुभव है तो खबरों की बाजीगरी आती है. डिजिटल मीडिया में आधे दशक हो चुके हैं. लंबे समय तक प्रिंट मीडिया में काम करना डिजिटल की दुनिया में मददगार साबित हुआ. दैनिक जागरण से शुरू हुआ सफर, अमर उजाला, हिन्दुस्तान, News Nation, ABP और India Ahead होते हुए Z Bihar Jharkhand तक पहुंचा है. बिहार और झारखंड की स्थानीय और राजनीतिक खबरों की विशेष समझ.
Read More