)
मुंगेर जिला के ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र के मुंगरौड़ा निवासी 28 वर्षीय अंकित राज ने 2 अक्टूबर, 2026 दिन शुक्रवार को जहरीला पदार्थ खाकर अपनी पत्नी को वीडियो कॉल किया और जहर खाने की जानकारी दी. इसके बाद पत्नी ने तत्काल इसकी सूचना ईस्ट कॉलोनी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष वीरभद्र सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को सक्रिय किया. टावर लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम घटनास्थल की ओर रवाना हुई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए रामनगर थाना को सूचना दी. रामनगर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
अंकित राज सदर बाजार में चलाता था आलू-प्याज की दुकान
बताया गया कि अंकित राज सदर बाजार में आलू-प्याज की दुकान चलाता था. वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था. परिजनों के अनुसार उसका एक छोटा भाई नशे का आदी था. उसे कुछ दिन पूर्व नशामुक्ति केंद्र भी भेजा गया था, लेकिन वहां से लौटने के बाद भी उसकी आदत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ.
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही
भाई की नशे की लत और उसकी गतिविधियों के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति लगातार प्रभावित हो रही थी. इसी को लेकर अंकित काफी परेशान रहता था. परिजनों ने बताया कि आर्थिक तंगी और भाई की हरकतों से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
मुंगेर से लूटा सीएनजी ऑटो धनबाद में बरामद, चार गिरफ्तार
वहीं, जिले में गंगटा जंगल में ऑटो चालक से मारपीट कर लूटे गए CNG ऑटो को धनबाद पुलिस और मुंगेर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में निरसा से बरामद किया है. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर की शाम मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के नौलखा निवासी ऑटो चालक सिंटू कुमार को दो लोग कुंदन कुमार और धर्मेंद्र कुमार ने जमुई जाने की बात कहकर जमालपुर स्टेशन पर 1400 रूपये में रिजर्व किया, जिसके बाद ऑटो चालक को सुल्तानगंज, तारापुर होते हुए जमुई जाने के लिए कहा.
वहीं, जब ऑटो चालक सिंटू कुमार गंगटा पहुंचा, तो ऑटो पर एक अन्य युवक विक्की कुमार बैठ गया. जब ऑटो चालक गंगटा जंगल में प्रवेश किया, तो सभी आरोपियों ने ऑटो चालक को जंगल की और ले गए और मारपीट की और उसके हाथ-मुंह बांधकर जंगल में छोड़ दिया. इसके बाद आरोपी CNG ऑटो लेकर फरार हो गए.
रिपोर्ट: प्रशांत कुमार