App

दो शहर बिहार पुलिस पर कहर: गया में शराब तस्करों को छुड़ा ले गई भीड़, बेतिया में कई जवान घायल

बेतिया और गया में शराब तस्करों पर कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर हमला हो गया. इस हमले में गया के एक एसआई समेत 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए. वहीं, बेतिया में शराब तस्करों के हमले में 2 जवान घायल हो गए हैं. फिलहाल, पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

दो शहर बिहार पुलिस पर कहर: गया में शराब तस्करों को छुड़ा ले गई भीड़, बेतिया में कई जवान घायल
Image Credit: गया में शराब तस्करों को छुड़ा ले गई भीड़, बेतिया में कई जवान घायल (Z News)

बिहार के गया और बेतिया में 13 अक्टूबर, 2026 दिन मंगलवार को पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया. गया में एक शराब कारोबारी को छुड़ाने के लिए ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला बोला दिया. घटना में एक एसआई समेत 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए. जबकि, बेतिया में शराब तस्करों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. इस हमले में दो पुलिस जवान घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रही है. चलिए बेतिया और गया की दोनों घटनाओं के बारे में विस्तार से जानते हैं.

गया में पुलिस टीम पर हमला, कई जवान जख्मी
गया जिले के बेलागंज में एक शराब तस्कर को छुड़ाने के लिए ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला बोला दिया, जिसमें एक एसआई समेत 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए. घायल सभी पुलिस कर्मियों को बेलागंज के सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है.

बताया जा रहा है कि बेलागंज प्रखंड के मेन थाना क्षेत्र के कोयरी बिगहा गांव में मिली सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस टीम छापेमारी करने पहुंची थी. यहां भोला मांझी के घर से शराब को बरामद किया गया. इसके बाद पुलिस ने भोला मांझी को हिरासत में ले लिया. आरोपी को पुलिस थाना लाने के लिए गाड़ी में बिठाया.

वहीं, पुलिस वाहन में हिरासत में लिए गए शराब तस्कर को छुड़ाने के लिए सैकड़ों में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ गई और हमला कर दिया. लोगों के इस हमले मे पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. इसके बाद शराब तस्कर को लेकर चले गए, इस घटना के बाद कई थानों की पुलिस पहुंची और घायल पुलिस कर्मियों को दूसरे वाहन से सीएचसी पहुंचाया.

इस घटना के संबंध में शम्भू कुमार चौधरी ने बताया कि हमलोगों को सूचना मिली थी कि कोयरी बिगहा गांव मे शराब का कारोबार किया जा रहा है. इस सूचना के सत्यापन और छापेमारी के लिए मिली सूचना के स्थल पर पहुंचे. घर से शराब को बरामद किया गया और एक शराब तस्कर को हिरासत में लिया गया। जिसके बाद अचानक ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में कई पुलिस के जवान घयाल हो गए हैं.

बेतिया में पुलिस टीम पर हमला, दो पुलिसकर्मी घायल, 5 गिरफ्तार
बेतिया में भी पुलिस जवानों पर शराब तस्करों ने हमला कर दिया. इस हमले में 2 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. हालांकि, पुलिस ने पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना योगापट्टी थाना अंतर्गत रुदलपुर गांव की है. यहां पर बीती देर रात्रि एक शराब तस्कर के ठिकाने पर छापेमारी करने पुलिस की टीम पहुंची थी. इसी टीम पर तस्करों ने हमला किया, इस हमले में सिपाही पंकज कुमार और मदन यादव घायल हो गए, जिनका सीएचसी में इलाज चल रहा है. फिलहाल, पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है.

बेतिया से धनंजय द्विवेदी और गया से जय प्रकाश कुमार की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More