App

Bihar Crime: बेगूसराय में पुलिस टीम पर हमला, समस्तीपुर में बेटी का रेप करने वाले ने जेल से निकलते ही बाप का किया कत्ल!

Bihar Crime: बिहार में अपराधी बेखौफ नजर आ रहे हैं. बेगूसराय में शराब माफिया ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. वहीं, समस्तीपुर में चिकन शॉप मालिक की गला रेतकर हत्या कर दी गई.

Bihar Crime: बेगूसराय में पुलिस टीम पर हमला, समस्तीपुर में बेटी का रेप करने वाले ने जेल से निकलते ही बाप का किया कत्ल!
Image Credit: बिहार में बेखौफ अपराधी (जी मीडिया)

बिहार में पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद अपराध पर लगाम लगती नजर नहीं आ रही है. ताजा मामला बेगूसराय और समस्तीपुर से सामने आया है. बेगूसराय में शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया. इतना ही नहीं, एक सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनने की भी कोशिश की गई. वहीं, समस्तीपुर में एक मुर्गा शॉप के मालिक की गला रेतकर हत्या कर दी गई. पीड़ित परिवार ने बेटी के साथ दुष्कर्म मामले में सजा काट चुके रामबाबू यादव पर इस हत्या का आरोप लगाया है. आइए जानते हैं पूरा मामला-

चिकन शॉप मालिक की गला रेतकर हत्या
समस्तीपुर जिले में विभूतिपुर थाना क्षेत्र के टेकना चौक पर अशोक चिकन शॉप के मालिक अशोक दास (उम्र 40 साल) की रविवार देर शाम अपराधियों ने मुर्गा काटने वाले चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी. घटना की सूचना पर सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक की पत्नी चांदमुनि देवी ने बताया कि उनके पति पैर से दिव्यांग थे और मुर्गा दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. रविवार को वह पति और बच्चों के साथ दुकान पर थीं. दुकान से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित घर जाने के दौरान उनके पति दुकान पर अकेले थे. कुछ देर बाद दुकान पर पहुंचीं तो पति को खून से लथपथ मृत अवस्था में पाया.

2 साल पहले बेटी के साथ हुआ था दुष्कर्म
चांदमुनि देवी ने अपनी बेटी के दुष्कर्म मामले में गांव के ही रामबाबू यादव पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि करीब दो वर्ष पूर्व उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी. इस मामले में रामबाबू यादव करीब एक माह पहले जेल से बाहर आया था. आरोप है कि वह लगातार परिवार को डराता-धमकाता था. रविवार को मुर्गा लेने के बहाने दुकान पर पहुंचकर उसने अशोक दास की गला रेतकर हत्या कर दी. घटना के संबंध में सर्किल इंस्पेक्टर में बताया कि चिकेन दुकानदार की गला काटकर हत्या कर दी गई है, शव को पोस्टमार्टम में भेजा गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

बेगूसराय में पुलिस टीम हमला
वहीं, मामला बेगूसराय के बलिया थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव का है. बताया जा रहा है कि बलिया थाने में पदस्थापित महिला पुलिस अवर निरीक्षक पल्लवी कुमारी को गश्ती के दौरान शराब की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कमालपुर गांव स्थित शुभम टेंट हाउस में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी के आरोपी धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम एक फूस की झोपड़ी में पहुंची, जहां तलाशी के दौरान 21 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की गई. पुलिस के अनुसार, धर्मेंद्र कुमार खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र के बन्नी गांव का रहने वाला है और अपने ससुराल में रहकर टेंट का कारोबार करता था.

सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनने की कोशिश
शराब बरामद करने के बाद पुलिस टीम आरोपी धर्मेंद्र कुमार को लेकर थाने लौट रही थी. इसी दौरान गांव के पुरुष और महिलाओं ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया. आरोप है कि भीड़ ने आरोपी को छुड़ाने और जब्त शराब को छीनने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस टीम पर लाठी-डंडे और चप्पल से हमला किया गया. इतना ही नहीं, एक सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनने की भी कोशिश की गई. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस ने मामले में हमले में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी है.

बलिया थाने में प्राथमिकी दर्ज 
पुलिस के मुताबिक, एसआई से पिस्टल छीनने की कोशिश करने वाले की पहचान अंगद महतो के पुत्र रविन कुमार के रूप में हुई है. वहीं, एसआई पर चप्पल से हमला करने के आरोपी की पहचान आनंदी महतो के पुत्र चुनचुन महतो के रूप में की गई है. डंडे से हमला करने वालों में मोती महतो की पत्नी और चंदन महतो के पुत्र कुमोद कुमार का नाम सामने आया है. महिला एसआई पल्लवी कुमारी के बयान पर बलिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस के अनुसार, मामले में धर्मेंद्र कुमार और चार अन्य को नामजद किया गया है, जबकि 15 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है. शराब के साथ गिरफ्तार किए गए धर्मेंद्र कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं, पुलिस टीम पर हमला और उपद्रव करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.

बेगूसराय से जितेंद्र चौधरी और समस्तीपुर से मंटून कुमार की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More