Traffic Advisory Update: धनतेरस और दीपावली पर भारी भीड़ को लेकर ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, इन रास्तों पर वाहनों की 'NO ENTRY'
धनतेरस और दीपावली पर भारी भीड़ को लेकर पटना ट्रैफिक पुलिस अलर्ट मोड पर हैं. 6 और 7 नवंबर के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी कर दी है.
Published: Nov 04, 2026, 10:07 AM IST
| Updated: Nov 04, 2026, 11:09 AM IST
धनतेरस और दीपावली के मौकों पर पटना के बाजारों में होने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं. 6 नवंबर से लेकर 7 नवंबर तक के लिए यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है. इन नियमों से अग्निशमन, एंबुलेंस, मरीज और शव वाहनों को छूट दी गई है. देखें ट्रैफिक एडवाइजरी-
1. खेतान मार्केट/चूड़ी मार्केट और आसपास की यातायात व्यवस्था
- मछुआटोली, बारी पथ से बाकड़गंज की ओर आने वाले सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा. जिन वाहनों को मछुआटोली से पश्चिम बारी पथ, बाकड़गंज की ओर जाना होगा, वे मखनियां कुआं होते हुए अशोक राजपथ से अपने गंतव्य स्थल की ओर जा सकेंगे.
- दिनकर गोलंबर से नाला रोड एवं मछुआटोली की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा.
- अशोक राजपथ जाने वाले वाहन दिनकर गोलंबर-प्रेमचंद गोलंबर होते हुए अपने गंतव्य स्थल तक जा सकेंगे.
- 6 नवंबर और 7 नवंबर को 14:00 बजे से 22:00 बजे तक दिनकर गोलंबर से दोनों तरफ (साहित्य सम्मेलन, नाला रोड) की ओर मालवाहक वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा.
- बाकड़गंज से पूर्व दिशा में मछुआटोली की तरफ वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा.
- कदमकुआं मोड़ से चूड़ी मार्केट एवं ठाकुरबाड़ी मोड़ की तरफ वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा.
- कोई भी मालवाहक वाहन बुद्धमूर्ति गोलंबर से नाला रोड की तरफ नहीं आएगा. इन वाहनों को बुद्धमूर्ति गोलंबर से पश्चिमी लोहनिपुर से राजेंद्र नगर की ओर मोड़/परिवर्तित कर दिया जाएगा.
2. सिटी सेंटर मॉल / बुद्ध मार्ग के आसपास की यातायात व्यवस्था-
- छज्जूबाग मोड़ से सिटी सेंटर मॉल की ओर आने वाला मार्ग वन-वे रहेगा. (आपातकालीन वाहनों को छोड़कर)
- बुद्ध मार्ग में कोतवाली की ओर से आने वाले ऑटो/ई-रिक्शा को पूर्व दिशा में छज्जूबाग की तरफ जाने की अनुमति होगी.
- सिटी सेंटर मॉल/ताज होटल के पार्किंग परिसर से निकलने वाले वाहन निकासी गेट से बाएं होकर नवीन पुलिस केंद्र की तरफ जाएंगे. इसके बाद अशोक राजपथ/मरीन ड्राइव होते हुए अपने गंतव्य स्थल की ओर जा सकेंगे.
- अशोक राजपथ से सिटी सेंटर मॉल की ओर आने वाले वाहन नवीन पुलिस केंद्र गेट नंबर-01 से बैक रोड होते हुए अपने गंतव्य स्थल की ओर जा सकेंगे.
जेपी गंगापथ पर वाहनों की पार्किंग व्यवस्था
इस अवसर पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए छोटी चारपहिया गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था जेपी गंगा पथ पर की जाएगी. दीघा गोलंबर से एलसीटी घाट तक एक लेन में छोटी चारपहिया गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी.
यह भी पढ़ें: पटनावालों जरा संभल जाइए! 1 महीने में कटे 59,128 चालान, स्मार्ट कैमरों और HHD से पुलिस काटा ₹9 करोड़ का जुर्माना