कैफेटेरिया, रसोई और काउंटर जैसी सुविधाओं से लैस होगी 108 साल पुरानी जलमीनार, सीएम सम्राट चौधरी ने किया शिलान्यास
पटना की 108 साल पुरानी ऐतिहासिक जलमीनार का कायाकल्प होगा. इस परियोजना पर कुल 3.38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसका शिलान्यास किया. बता दें कि कैफेटेरिया, रसोई और काउंटर जैसी सुविधाओं से लैस होगी 108 साल पुरानी जलमीनार.
पटना की 108 साल पुरानी ऐतिहासिक जलमीनार को नया रूप देने की दिशा में पहल शुरू हो गई है. वीरचंद पटेल पथ पर मिलर हाईस्कूल के पास स्थित अंग्रेजों के शासनकाल में बनी इस ऐतिहासिक जलमीनार के जीर्णोद्धार और परिसर के सौंदर्यीकरण की परियोजना का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिलान्यास किया.
इस परियोजना पर कुल 3.38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे
पटना नगर निगम की ओर से संचालित इस परियोजना पर कुल 3.38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसका उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहर को उसके मूल स्वरूप में संरक्षित करना और इसे शहर के लोगों, पर्यटकों और विद्यार्थियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाना है.
कैफेटेरिया में बैठने की व्यवस्था, रसोई और काउंटर जैसी सुविधाएं
परियोजना के तहत करीब 14,400 वर्गफुट क्षेत्र में विकास कार्य किए जाएंगे. जलमीनार के आसपास 10,880 वर्गफुट में हेरिटेज गार्डन विकसित किया जाएगा, जबकि करीब 2,500 वर्गफुट क्षेत्र में आधुनिक कैफेटेरिया बनाया जाएगा. कैफेटेरिया में बैठने की व्यवस्था, रसोई और काउंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
खूबसूरती बढ़ाने के लिए वार्म एलईडी लाइटें भी लगाई जाएंगी
इसके अलावा परिसर में 5,600 वर्गफुट में पेवर ब्लॉक बिछाने, चारदीवारी को प्राकृतिक पत्थरों से सजाने और कलात्मक गेट बनाने की योजना है. रात के समय जलमीनार की खूबसूरती बढ़ाने के लिए वार्म एलईडी लाइटें भी लगाई जाएंगी.
पटना की ऐतिहासिक पहचान को नया स्वरूप देने की उम्मीद
शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद रविशंकर प्रसाद, नगर विकास और आवास विभाग के मंत्री नितिन मिश्रा, पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुशवाहा, दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया और पटना नगर निगम की मेयर सीता साहू मौजूद रहे. इस परियोजना के पूरा होने के बाद ऐतिहासिक जलमीनार के संरक्षण के साथ-साथ इसके परिसर को विकसित करने और पटना की ऐतिहासिक पहचान को नया स्वरूप देने की उम्मीद है.
पटना शिक्षक से निर्वाचन हुए डॉक्टर संजीव कुमार को सीएम ने दिया बधाई
इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना शिक्षक से निर्वाचन हुए डॉक्टर संजीव कुमार को बधाई दिया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विजय प्राप्त करने पर डॉ. संजीव कुमार को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. विश्वास है कि आपका कार्यकाल शिक्षकों के हितों की रक्षा और शिक्षा जगत के लिए सफल और सुखद रहेगा.
रिपोर्ट: शिवम राज
यह भी पढ़ें: 'ढह गया BJP का 30 साल पुराना किला, अब हम शिक्षकों-स्नातकों की आवाज बनेंगे', MLC चुनाव परिणाम से तेजस्वी यादव उत्साहित