)
समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर वाजिदपुर बम्वैया पंचायत से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जो चर्चा का विषय बन गया है. यहां बेलसंडी डीह वार्ड संख्या-4 में गुरुवार (22 अक्तूबर, 2026) की देर रात आसमान से बल्ब जलती हुई एक अज्ञात मशीन गिरने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया. मिली जानकारी के अनुसार, मशीन बंशीधर मिश्र के दरवाजे पर गिरी. अचानक पटाखे जैसी आवाज होने से परिवार के लोग घबरा गए. स्थानीय निवासी सरोज कुमार मिश्र ने बताया कि मशीन गिरने के बाद पटाखे जैसी आवाज हुई. मशीन में लगा बल्ब लगातार जल रहा था. उसके साथ फटे हुए गुब्बारे जैसी वस्तु भी बंधी हुई थी.
उन्होंने आगे बताया कि मशीन से करीब 250 से 300 मीटर लंबा पैराशूट का धागा बंधा हुआ था. मशीन पर ‘मेड इन कोरिया’ लिखा हुआ था. वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मशीन को अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए ले गई. आसमान से इस तरह की अज्ञात मशीन गिरने की घटना से ग्रामीणों के साथ-साथ प्रशासन में भी चिंता का माहौल है. हालांकि, मशीन किस काम में इस्तेमाल होती है और कहां से आई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बता दें कि इससे पहले मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी प्रखंड की पकाही पंचायत से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था. यहां बाघी हरनारायण गांव में करीब 2 या 3 जून के आसमान से लाल रोशनी जलता हुआ यंत्र जमीन पर आ गिरा, जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था. इस घटना से वहां मौजूद लोग घबरा गए थे. वहीं, घटना की खबर जैसे ही गांव में फैली उसे देखने के लिए मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई थी. वहीं, बाद में जांच के बाद पता चला कि वो यंत्र मौसम से जुड़ा एक वैज्ञानिक उपकरण है.
मिली जानकारी के अनुसार, वैज्ञानिक उपकरण का इस्तेमाल हवा की गति, तापमान, आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) और वायुमंडलीय दबाव समेत अन्य मौसम से जुड़ी जानकारी लेने के लिया किया जाता है. इस उपकरण पर लिखी जानकारी से इस बात का पता चला कि इसे दक्षिण कोरिया की कंपनी वेदेक्स कंपनी लिमिडेट ने बनाया था.
इनपुट: मंटुन कुमार रॉय