मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी खेमा आज (बुधवार, 30 सितंबर) अपनी ताकत का प्रदर्शन करने वाला है. दिल्ली में INDIA ब्लॉक की इस बैठक में राजद नेता तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे. इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी शामिल होंगी. पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी के साथ इस बैठक में हिस्सा लेंगी. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, पीडीपी सुप्रीमो महबूबा मुफ्ती, माकपा से राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास के अलावा भाकपा, भाकपा-माले और आरएसपी के नेता भी शामिल होंगे. जेएमएम, सपा, एनसीपी (शरद पवार) केरल कांग्रेस, बीएपी, आरएलपी और फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रतिनिधि भी मीटिंग में मौजूद रहेंगे.
जानकारी के मुताबिक, तेजस्वी यादव मंगलवार (29 सितंबर) की रात को ही दिल्ली पहुंच गए थे. पटना से दिल्ली रवाना होने से होते समय उन्होंने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर काफी गंभीर आरोप लगाए. पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने बिहार चुनाव में धांधली किए जाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके और वोट चोरी करके सत्ता हासिल की है.
CEC ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग की
मुख्य चुनाव आयुक्त की गिरफ्तारी की मांग करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति आएगा और वोट की चोरी कर देगा, लोकतंत्र को खत्म कर देगा और संवैधानिक संस्थाओं को समाप्त किया जाएगा, तो देश कैसे चलेगा? उन्होंने कहा कि जिस तरह से चुनाव आयोग की भूमिका जनता के सामने उजागर हुई है उससे यह गंभीर सवाल खड़ा होता है कि चुनाव में लगातार वोटों की चोरी कराकर बीजेपी को जिताने का काम किया जा रहा था. इसकी शुरुआत बिहार से की गई और फिर इसे पूरे देश में लागू किया गया.
तेजस्वी ने कहा कि वोटों की चोरी और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का मुद्दा अब देश के सामने है. ज्ञानेश कुमार को संरक्षण दिया जा रहा है. कानून में भी बदलाव कर दिया गया है. चुनाव आयोग को बीजेपी के लोगों ने यह गारंटी दे रखी है कि ज्ञानेश कुमार कितनी भी बेईमानी करेंगे, अमित शाह और नरेंद्र मोदी उनका संरक्षण करेंगे.
क्यों बुलाई गई बैठक?
कांग्रेस ने SIR में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक की बैठक को बुलाया है. यह बैठक अंग्रेजी अखबार की उस रिपोर्ट के कुछ दिनों बाद हो रही है, जिसमें बताया गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में SIR से जुड़े फैसलों और आदेशों पर कम से कम 14 बार आधिकारिक तौर पर आपत्ति जताई थी.