App

नीरज कुमार-अनंत सिंह तनातनीः नीतीश कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को किया तलब, मंत्री श्रवण कुमार को दिए ये निर्देश

नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच सुलह कराने के लिए नीतीश कुमार खुद मैदान में उतर चुके हैं. उन्होंने जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार को अपने आवास पर बुलाया है.

नीरज कुमार-अनंत सिंह तनातनीः नीतीश कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को किया तलब, मंत्री श्रवण कुमार को दिए ये निर्देश
Image Credit: नीतीश कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को किया तलब (File Photo- Zee Media)

बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक MLC सीट पर चुनाव से पहले जेडीयू की अंतर्कलह खुलकर सामने आ गई है. जेडीयू ने यहां से अपने सिटिंग एमएलसी नीरज कुमार पर एक बार फिर से भरोसा जताया है. पार्टी आलाकमान के इस फैसले का मोकामा विधायक अनंत सिंह ने विरोध कर दिया है. अनंत सिंह इस वक्त अपनी पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार का खुला विरोध करते हुए जन सुराज प्रत्याशी कैंडिडेट अनुज सिंह के साथ खड़े हैं. वे खुलकर अनुज सिंह के लिए वोट मांग रहे हैं. पार्टी के दो कद्दावर नेताओं की जंग को सुलझाने के लिए अब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ही मैदान में उतरने पड़ा है. जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार ने इस मामले पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को तलब किया है. इसके अलावा मंत्री श्रवण कुमार को भी अपने आवास पर बुलाया है.

नीतीश कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष को तलब किया

जानकारी के मुताबिक, जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उमेश कुशवाहा और मंत्री श्रवण कुमार के साथ अपने आवास पर एक बैठक की. सूत्रों के अनुसार, पूर्व सीएम ने दोनों नेताओं से पार्टी  के अंदर मचे घमासान को रोकने का निर्देश दिया है. नीतीश कुमार के साथ मीटिंग खत्म होने के बाद उमेश कुशवाहा ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता है कि एनडीए की 8 सीट जीते. उन्होंने कहा कि कौन क्या कह रहा है? कौन-किसका विरोध कर रहा है, यह हमारी प्राथमिकता नहीं है. 

मंत्री श्रवण कुमार भी बैठक में पहुंचे

उमेश कुशवाहा ने आगे कहा कि चाहे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का हो या फिर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र हो, हम सभी आठों सीट जीत रहे हैं. उन्होंने कहा कि अभी कौन-क्या बोल रहा है, वो हम लोग की नॉलेज में है, लेकिन हमारी प्राथमिकता अभी आठों सीट जीतने की है. वहीं, इस मुद्दे पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि यह मामला पार्टी की संज्ञान में आ चुका है. पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और अन्य शीर्ष नेताओं को, इसकी जानकारी दे दी गई है. 

शीर्ष नेतृत्व लेगा फैसला- मंत्री श्रवण कुमार

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि इस पर शीर्ष नेता जो भी निर्णय या निर्देश देंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. श्रवण कुमार ने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए, लेकिन चूंकि ऐसा हो रहा है, इसलिए बड़े नेता ही इस पर फैसला लेंगे. विधायक अनंत सिंह की ओर से जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किए जाने पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि चाहे लोकसभा चुनाव हो, विधानसभा चुनाव हो या विधान परिषद का चुनाव, सभी राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतारती हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव में अंतिम फैसला जनता का होता है.

मंत्री श्रवण कुमार ने नहीं दिया सीधा जवाब

उन्होंने कहा कि वे मतदान के दिन और मतगणना के दिन का इंतजार करते हैं और जनता जो भी जनादेश देगी, उसका वे सम्मान करेंगे. ​अनंत सिंह और नीरज कुमार के झगड़े से पार्टी को नुकसान पहुंचने के सवाल पर मंत्री श्रवण कुमार ने कोई सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि बड़े नेताओं के संज्ञान में यह सारी बातें हैं. वे जो भी निर्णय लेंगे, उसके बारे में आगे बताया जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More