नीरज कुमार-अनंत सिंह में सुलह कराने खुद मैदान में उतरे नीतीश कुमारः राजद-कांग्रेस ने ली चुटकी
अनंत सिंह और नीरज कुमार के झगड़े को सुलझाने के लिए पूर्व सीएम नीतीश कुमार को मैदान में उतरना पड़ा है. सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले संजय झा से लेकर निशांत कुमार तक अपना प्रयास कर चुके हैं, लेकिन असफल रहे थे.
बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक MLC सीट पर चुनाव दिलचस्प हो गया है. यहां जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ उनकी ही पार्टी के विधायक अनंत सिंह ने मोर्चा खोल रखा है. मोकामा विधायक ने नीरज कुमार के विरोधी और जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का खुला समर्थन किया है. इस झगड़े को सुलझाने के लिए अब पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मैदान में उतरना पड़ा है. नीतीश कुमार के हस्तक्षेप से मामला शांत होगा या नहीं, यह देखना भी दिलचस्प होगा. वहीं, जेडीयू की इस अंतर्कलह पर राजद और कांग्रेस पार्टी ने चुटकी ली है.
जेडीयू की अंतर्कलह पर राजद का तंज
राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि जेडीयू के अंदर खींचतान की स्थिति है और नूराकुश्ती का खेल चल रहा है. उन्होंने दावा किया कि एनडीए के अंदर भी असहमति है. राजद प्रवक्ता ने कहा कि आठों सीटें जीतने का जो सपना एनडीए देख रहा है, वह सपना ही रह जाएगा. अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद सिर्फ दोनों नेताओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगे बढ़ेगा. इसका असर जेडीयू के साथ-साथ एनडीए में भी देखने को मिलेगा. जेडीयू नेतृत्व अब अपने नेताओं के बीच सुलह और समझौता कराने में सक्षम नहीं है.
बिहार में ऑपरेशन लोटस शुरू हो गया- कांग्रेस
बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता शिशिर कोंडेल्या ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एमएलसी चुनाव के मद्देनजर जेडीयू में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है. आज अनंत सिंह ने पार्टी लाइन और कोड से अलग जाकर काम किया है. फिलहाल नीतीश कुमार की मुलाकातों के जरिए डैमेज कंट्रोल की कोशिश चल रही है. कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बिहार में ऑपरेशन लोटस शुरू हो चुका है और इसे छिपाने के लिए जेडीयू की ओर से तरह-तरह की बयानबाजी की जा रही है.
बीजेपी ने सभी 8 सीटें जीतने का दावा किया
वहीं, बीजेपी ने इसे जेडीयू का आंतरिक मामला बताते हुए बचाव किया है. बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज शर्मा ने कहा कि अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद व्यक्तिगत है. पार्टी के लोग भी इस स्थिति को देख रहे हैं. मुझे पूरा भरोसा है कि चुनाव आते-आते यह मसला सुलझ जाएगा. उन्होंने आठों सीटें जीतने का दावा करते हुए कहा कि निश्चित रूप से एनडीए ही आठों सीटों पर जीतने जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस विवाद का चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा. जनता का भरोसा और आशीर्वाद एनडीए के साथ है. जनता जानती है कि एनडीए ने बिहार को जंगलराज की खाई से निकालकर विकास की राह पर आगे बढ़ाया है.