App

नेपाल के रास्ते पाकिस्तान तक कनेक्शन! मधुबनी में NIA का छापा, इजहारुल हक के परिवार से पूछताछ

मधुबनी में NIA की टीम ने छापेमारी की है. इजहारुल हक के परिजनों से NIA पूछताछ कर रही है. पंडौल थाना क्षेत्र के नवटोल गांव NIA की टीम पहुंची है.

नेपाल के रास्ते पाकिस्तान तक कनेक्शन! मधुबनी में NIA का छापा, इजहारुल हक के परिवार से पूछताछ
Image Credit: इजहारुल हक केस में NIA का बड़ा एक्शन (Photo-वीडियो ग्रैब)

बिहार एटीएएस के साथ मिलकर मध्य प्रदेश ATS ने मधुबनी से राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होने के शक में मौलाना इजहारुल हक को गिरफ्तार किया था. ये कार्रवाई करीब 4 महीने पहले की गई थी. तब मौलाना इजहारुल हक का नाम सुर्खियों में आया था. हक को गिरफ्तार करने के बाद मध्य प्रदेश ATS ट्रांजिट रिमांड लेकर भोपाल ले गई थी. ATS को इजहारुल हक से पूछताछ में जो खुलासे हुए, वे बेहद चौंकाने वाले थे.

दरअसल, यह मामला उस समय सुर्खियों में आया, जब मध्य प्रदेश ATS को जानकारी मिली कि भोपाल का फिरोज नाम का युवक संदिग्ध गतिविधियां कर रहा है. ATS की जांच में जानकारी मिली कि फिरोज एक WhatsApp ग्रुप से जुड़ा हुआ था, जिस ग्रुप का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया था. इस ग्रुप में इजहारुल हक के साथ-साथ छह और संदिग्ध लोग शामिल थे. शाकिर अलवर, राजस्थान से, नईम देवबंद, उत्तर प्रदेश से, फराज भोपाल से और हाजी अहमद धार से था. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ये सभी लोग मदरसे के माध्यम से देशविरोधी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे.

इस संगठन के सेकेंड नंबर के कमांडर के तौर पर इजहारुल हक को बताया गया था. मौलाना इजहारुल हक मधुबनी के एक मदरसे में बैठकर काम कर रहा था. इस पर आरोप है कि इसका काम मदरसे में बच्चों को तालीम देना नहीं, बल्कि उन्हें कट्टर बनाना यानी जिहाद सिखाना था. यह अपने मदरसे में सभी बच्चों का एडमिशन नहीं लेता था. दाखिला देने से पहले बच्चों का इंटरव्यू लेने के बहाने यह परखता था कि उन्हें जिहाद सिखाया जा सकता है या नहीं. इसके बाद उन्हें तालीम देने के नाम पर जिहाद सिखाकर, कट्टर बनाकर देश के खिलाफ काम करने के लिए ट्रेनिंग हेतु दूसरे राज्य में भेजता था. इसके साथ ही बिहार के सीमांचल और मिथिलांचल के कई अलग-अलग जिलों से फर्जी सिम कार्ड लेकर उन्हें नेपाल के रास्ते पाकिस्तान तक पहुंचाने का काम भी इजहारुल हक का ही था.

इसलिए अब जांच एजेंसी इस जानकारी पर काम कर रही है कि आखिर मधुबनी में कितने ऐसे बच्चे हैं, जिन्हें मौलाना ने जिहाद के लिए तैयार कर आगे की ट्रेनिंग के लिए भेजा है. आखिर कौन-कौन से वे सिम कार्ड हैं, जो नेपाल के रास्ते विदेश या पाकिस्तान गए हैं. नेपाल में बैठे आका कौन हैं?

मिली जानकारी के अनुसार, मौलाना इजहारुल हक कर्नाटक, मुंबई, नेपाल समेत कई इलाकों में मीटिंग करता था. इजहारुल हक ने अपनी बेटी की शादी में खूब पैसा बहाया और उस शादी में कुछ ऐसे लोग भी शामिल हुए, जो बाहरी थे.

सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं. फिलहाल, मामले की जांच जारी है और एजेंसियां हर पहलू की गहराई से पड़ताल कर रही हैं. जिला मुख्यालय समेत नेपाल बॉर्डर इलाके में भी कई संदिग्ध NIA के निशाने पर हैं. मिली जानकारी के अनुसार, कई राज्यों में जांच फैली होने के कारण इस संवेदनशील मामले को NIA के हवाले कर दिया गया था.

रिपोर्ट: बिंदु भूषण ठाकुर

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More