)
देश के टॉप बिजनेस स्कूल से एमबीए करने का सपना हर युवा देखता है, लेकिन इसकी भारी-भरकम फीस के लिए लिया गया एजुकेशन लोन कई सालों तक पीछा नहीं छोड़ता. अच्छी नौकरी लगने के बाद भी लोग ईएमआई भरते रहते हैं. लेकिन IIM कलकत्ता की एक ग्रेजुएट ने इस सोच को बदल दिया है, जिन्होंने महज दो साल के अंदर अपना 30 लाख रुपये का एजुकेशन लोन पूरी तरह चुका कर सबको हैरान कर दिया है.
इंस्टाग्राम पर शेयर की गई अवनि राठौड़ की पोस्ट के मुताबिक, उन्होंने यह लोन चुकाने के लिए सिर्फ अपनी नौकरी की सैलरी पर भरोसा नहीं किया, बल्कि चार अलग-अलग तरीकों से पैसे जुटाए. उनका पहला सोर्स पुरानी बचत थी. अवनि ने IIM कलकत्ता जॉइन करने से पहले दो साल तक नौकरी की थी और उस दौरान कुछ पैसे बचाए थे. उन्होंने पढ़ाई के खर्चों में इस बचत का इस्तेमाल किया, लेकिन अपने म्यूचुअल फंड और पीपीएफ जैसे निवेश को बिल्कुल हाथ नहीं लगाया.
दूसरा सोर्स बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप यानी बीसीजी में हुई उनकी समर इंटर्नशिप थी, जहां मिले अच्छे स्टाइपेंड से उन्होंने लोन के लिए पैसे बचाए. तीसरा सोर्स एमबीए के दूसरे साल में की गई पार्ट-टाइम जॉब थी. उन्हें पहले ही प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिल चुका था, इसलिए पढ़ाई के साथ अतिरिक्त काम करके उन्होंने अच्छी कमाई की. चौथा और आखिरी सोर्स ग्रेजुएशन के बाद लगी फुल-टाइम नौकरी की सैलरी थी. अवनि ने बताया कि उन पर परिवार की कोई आर्थिक जिम्मेदारी नहीं थी, इसलिए उन्होंने अपनी सैलरी का बड़ा हिस्सा सीधे लोन चुकाने में लगा दिया.
सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए अवनि ने माना कि इतनी जल्दी एजुकेशन लोन चुकाना शायद हर किसी को सबसे अच्छा फाइनेंशियल फैसला न लगे, क्योंकि एजुकेशन लोन बिना किसी गारंटी के कम ब्याज दर पर मिल जाता है. लोग चाहें तो ईएमआई भरते हुए बचे हुए पैसे को कहीं और निवेश कर सकते हैं. लेकिन अवनि का मकसद बिल्कुल साफ था. उन्होंने बताया कि वे अपनी नौकरी छोड़कर कुछ नया शुरू करने की प्लानिंग कर रही थीं और वे नहीं चाहती थीं कि उन पर हर महीने लोन की किश्त भरने का कोई दबाव रहे. कर्जमुक्त होकर वे अपनी जिंदगी में बड़े रिस्क लेने के लिए खुद को ज्यादा बेहतर स्थिति में रखना चाहती थीं.
अवनि की इस कहानी पर इंस्टाग्राम यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कई लोगों ने कम उम्र में कर्जमुक्त होने पर उन्हें बधाई दी. खुद को बैंकर बताने वाले एक यूजर ने लिखा कि अगर आप नौकरी छोड़कर कुछ नया शुरू करना चाहते हैं, तो यह एक बेहद समझदारी भरा फैसला है. वहीं दूसरी तरफ कुछ यूजर्स ने इसे पैसों के मैनेजमेंट के लिहाज से सही नहीं माना. एक यूजर ने कमेंट किया कि अगर ब्याज दर 7 प्रतिशत के आसपास है, तो दो साल में लोन खत्म करने के बजाय पांच से सात साल लेना चाहिए था और बचे हुए पैसों को शेयर बाजार में निवेश करना चाहिए था.
Disclaimer: प्रिय पाठक, हमारी यह खबर पढ़ने के लिए शुक्रिया. यह खबर इंटरनेट पर मौजूद डिटेल्स को एकत्रित करके बनाई गई है. Zee News इसके प्रमाणिकता, दावों और सत्यता की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी फैसले से पहले संबंधित आधिकारिक विभाग से संपर्क जरूर करें.