App

पुणे कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े गैंगवार! पेशी के लिए आए हत्या के आरोपी पर हमला, पहले चलाईं गोलियां फिर चापड़ से काटा हाथ

पुणे जिला अदालत के बाहर दिनदहाड़े हत्या के आरोपी मंदार किवाले पर हथियारबंद हमलावरों ने हमला कर दिया. चापड़ से उसका हाथ काट दिया गया. घटना में दो अन्य लोग घायल हुए हैं. पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है.

पुणे कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े गैंगवार! पेशी के लिए आए हत्या के आरोपी पर हमला, पहले चलाईं गोलियां फिर चापड़ से काटा हाथ
Image Credit: हमला करने के बाद भागते आरोपी और उनके हाथ में चापड़ (दाएं), दूसरी तरफ पड़ी बंदूक

पुणे के शिवाजीनगर में बुधवार को हुई एक खौफनाक घटना ने सभी को हैरान कर दिया है. यहां अदालत के बाहर हथियारबंद लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर गोलीबारी की और दो लोगों पर दरांतियों से हमला कर दिया. इस घटना में दो लोग घायल हो गए. घायलों में से एक की हालत गंभीर है. बताया जा रहा है कि एक का हाथ कलाई से कटकर अलग हो गया है.

यह हमला दोपहर करीब 1 बजे फैमिली कोर्ट के सामने गेट नंबर 4 के पास हुआ. घटना के बाद वहां मौजूद लोगों और अदालत में आए फरियादियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावर दो दोपहिया वाहनों पर सवार होकर आए थे. उनके पास बंदूकें और दरांतियां थीं. पुलिस के मुताबिक, एक वाहन पर तीन और दूसरे पर चार लोग सवार थे. वहीं, चश्मदीदों ने हमलावरों की संख्या करीब छह बताई है.

पहले गोलियां चलाईं बाद में चापड़ से काटा हाथ

आरोप है कि हमलावरों ने पहले गोलियां चलाईं और फिर पीड़ितों पर दरांतियों से हमला कर दिया. इसके बाद वे मौके से फरार हो गए. हमले में एक व्यक्ति के बाएं हाथ की कलाई पर गंभीर चोट आई. बताया जा रहा है कि उसका हाथ कलाई से कटकर अलग हो गया. वह बेहोशी की हालत में मिला और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

हमलावरों के फरार होने के बाद अदालत के गेट के बाहर से दो बंदूकें और इस्तेमाल किए गए कारतूस मिलने की जानकारी सामने आई है. जानकारी मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम भी सबूत जुटाने के लिए घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस अभी गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान और हमले के पीछे की वजह का पता लगा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हमला किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाकर किया गया था या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी.

DCP क्राइम ने क्या बताया

DCP (क्राइम) गौहर हसन ने बताया,'आज करीब 1:15 बजे हमें एक घटना की सूचना मिली, जिसमें गोलीबारी और धारदार हथियार (चापर) से हमला किया गया था. इसके बाद, कोर्ट परिसर में मौजूद हमारे एक कांस्टेबल ने पीड़ित व्यक्ति को ससून अस्पताल में भर्ती कराया. उनका इलाज चल रहा है और हमने आरोपियों की पहचान कर ली है. हमारी क्राइम ब्रांच और पुलिस स्टेशन की टीमें इस मामले में काम कर रही हैं. इसमें लगभग चार से पांच आरोपी शामिल हैं.'

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tahir Kamran

Tahir Kamran

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More