App

नालंदा में अंधविश्वास और पुरानी रंजिश में महादलित युवक की हत्या, मृतक की पत्नी ने लगाया गंभीर आरोप

नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के परनामा गांव में अंधविश्वास और पुरानी रंजिश को लेकर एक महादलित युवक की हत्या का मामला सामने आया है. मृतक की पत्नी सीमा देवी ने गांव के रौशन मांझी और जवाहर मांझी पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

नालंदा में अंधविश्वास और पुरानी रंजिश में महादलित युवक की हत्या, मृतक की पत्नी ने लगाया गंभीर आरोप
Image Credit: नालंदा में अंधविश्वास और पुरानी रंजिश में महादलित युवक की हत्या (zee media)

बिहार के नालंदा जिले में अंधविश्वास और पुरानी रंजिश के चलते एक महादलित युवक की हत्या का मामला सामने आया है. मामूली कहासुनी के बाद युवक के साथ मारपीट की गई, जिसमें उसकी जान चली गई. यह घटना सरमेरा थाना क्षेत्र के परनामा गांव की है. मृतक की पहचान सुमंटू मांझी के रूप में हुई है. इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

एक साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह?

मृतक की पत्नी सीमा देवी ने गांव क ही रौशन मांझी और जवाहर मांझी पर आरोप लगाया है. उनके अनुसार, अंधविश्वास को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. करीब एक साल पहले रौशन मांझी के बच्चे की मौत हो गई थी. इसके बाद सुमंटू को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया जाने लगा था. परिवार का कहना है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच मनमुटाव बना हुआ था.

शौच के लिए घर से निकले युवक को घेरकर पीटा

सीमा देवी के मुताबिक, दो दिन पहले रौशन मांझी की पत्नी ने एक बच्चे को जन्म दिया था. उसे अस्पताल ले जाने के दौरान सुमंटू की किसी बात को लेकर फिर विवाद हो गया. आरोप है कि देर रात सुमंटू शौच के लिए घर से बाहर निकला था. इसी दौरान जवाहर मांझी अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और उसे घेरकर लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया. सुमंटू गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई.घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई.

आवेदन मिलने के बाद होगी कानूनी कार्रवाई

वहीं, सरमेरा थानाध्यक्ष साकेंद्र कुमार ने बताया कि घटना में शामिल बताए जा रहे लोगों की पहचान कर ली गई है. पुलिस को आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. घटना के कारणों और संबंधित लोगों से मिली जानकारी का सत्यापन किया जा रहा है. फिलहाल, मृतक के परिजनों के आरोपों तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट: ऋषिकेश कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More