)
राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हीरानंदपुर गांव में शनिवार (7 नवंबर 2026) की दोपहर जमीन के एक पुराने विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. इस घटना के दौरान हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में पिता और उनके तीन पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी दहशत का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और सभी घायलों को पुलिस के सहयोग से तत्काल नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार, इस खूनी संघर्ष में घायल होने वालों की पहचान 68 वर्षीय द्वारिका सिंह और उनके तीनों बेटों के रूप में हुई है. इस गोलीबारी में द्वारिका सिंह और उनके पुत्र सुधीर कुमार के पैर में गोली लगी है, जबकि परिवार के अन्य दो पुत्र कौशल कुमार और भोला कुमार बंदूक से निकले छर्रे लगने के कारण बुरी तरह घायल हुए हैं.
पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि उनका पिछले लंबे समय से लगभग 12 बीघा जमीन को लेकर अपने ही पटीदार के साथ जमीनी विवाद चल रहा है. आरोप है कि शनिवार की दोपहर पटीदार में रणजीत अपने दो निजी सुरक्षा गार्डों के साथ अचानक उनके घर पर आ धमका. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोक हुई. आरोप है कि आरोपियों ने गार्ड की राइफल लेकर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ करीब पांच राउंड फायरिंग कर दी, जिसकी चपेट में आने से यह खूनी घटना घटी.
घटना की सूचना मिलते ही दीदारगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. गांव में भारी तनाव को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है. साक्ष्य जुटाने के लिए FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. फतुहा एसडीपीओ-1 के अनुसार, शुरुआती जांच में पूरा मामला आपसी जमीन विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है. घायलों के बयान दर्ज किए जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. मामले की जांच जारी है.