)
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर-मोतिहारी फोरलेन के चांदनी चौक के समीप बीते कुछ दिनों से 'हसीना गैंग' का आतंक देखा जा रहा है. यहां देर रात सड़क पर चलने वाले वाहन सवार राहगीरों को इन हसीनाओं के गैंग के लोग अपने चमक-दमक वाले हुस्न के जाल में फंसाकर उनके साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम देते हैं. बीते कुछ दिनों में एक के बाद एक इस तरह के कई मामले सामने आए थे. जिसके बाद पुलिस भी इस गैंग पर लगातार नजर बनाए हुए है.
दरअसल, मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के चांदनी चौक से लेकर दामोदरपुर हाउसिंग बोर्ड के बीच रात में हसीना गैंग के सदस्यों के सक्रिय होने की बात सामने आई है और स्थानीय लोगों ने इस गिरोह को 'हसीना गैंग' का नाम दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि गिरोह के सदस्य कथित तौर पर किन्नर को आगे कर बाइक और कार सवारों को रात के अंधेरे में सड़क पर अपने हुस्न के जाल में फंसाकर पहले रोकते हैं और जैसे ही कोई व्यक्ति इनके झांसे में आकर रुकता है, पीछे मौजूद गिरोह के अन्य लोग उस राहगीर को घेर लेते हैं और लूटपाट कर मौके से फरार हो जाते हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह रिहाइशी इलाका है और रात में कोई फैमिली सड़क से गुजरना नहीं चाहती है. इसलिए रात में इस इलाके में पुलिस की गश्त बेहद जरूरी है. लोगों ने इस मामले को लेकर कांटी थाना की पुलिस को आवेदन भी सौंपा है.
पूरे मामले को लेकर DSP वेस्ट वन सुचित्रा कुमारी ने बताया कि कांटी थाना की पुलिस को थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड के समीप रहने वाले लोगों से सूचना मिली है कि हसीना गैंग के लोगों द्वारा लूटपाट किया जाता है. उसके बाद पुलिस लगातार इस हसीना गैंग पर नजर बनाए हुए है. दो लोगों को पूछताछ के लिए डिटेन किया गया था, लेकिन हसीना गैंग से उनका संबंध होने की बात सामने नहीं आई है. जिसके बाद दोनों को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया है. पुलिस फिलहाल मामले की तहकीकात कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
रिपोर्ट: मणितोष कुमार