मुजफ्फरपुर में शराब की छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम को ग्रामीणों ने बनाया बंधक, पुलिस ने कराया मुक्त
मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र में शराब की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा. घरों में घुसकर तलाशी लेने से नाराज ग्रामीणों ने टीम को घेरकर बंधक बना लिया.
मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र में शराब की सूचना पर छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा. घर में घुसकर छापेमारी करने से नाराज ग्रामीणों ने उत्पाद विभाग की टीम को घेरकर बंधक बना लिया और हंगामा करने लगे. सूचना मिलने पर पहुंची स्थानीय थाना की पुलिस ने बंधक बनाई गई उत्पाद विभाग की टीम को मुक्त कराया.
ग्रामीणों ने किया हंगामा
यह पूरा मामला सकरा थाना क्षेत्र के सुजावलपुर सब्जी मंडी के नजदीक मझौलिया रोड का है, जहां शराब की सूचना पर छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया. उत्पाद विभाग की टीम पर जबरन घरों में घुसकर छापेमारी करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने हंगामा किया और टीम की गाड़ी की चाबी निकाल ली.
ग्रामीणों ने रोका गाड़ी
घटना के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम को इलाके में शराब होने की सूचना मिली थी. इसी सूचना के आधार पर टीम ने एक घर में छापेमारी की. हालांकि, तलाशी के दौरान टीम को मौके से कोई भी शराब बरामद नहीं हुई. छापेमारी के लिए जबरन घरों में घुसने से आक्रोशित ग्रामीणों ने उत्पाद विभाग की टीम की गाड़ी रोक ली और टीम को बंधक बना लिया.
ये भी पढ़ें: दीपावली-छठ से पहले मुजफ्फरपुर में मिठाई दुकानों पर फूड सेफ्टी की रेड, 200 किलो खराब स्पंज और कोल्ड ड्रिंक नष्ट
बंधक बनाने का गंभीर आरोप
दूसरी ओर, उत्पाद विभाग की टीम ने ग्रामीणों पर उनकी गाड़ी की चाबी निकालने और टीम के सदस्यों को घेरकर बंधक बनाने का गंभीर आरोप लगाया है. टीम के अनुसार, छापेमारी के दौरान ग्रामीणों ने विरोध करते हुए उनकी गाड़ी को रोक लिया और हंगामा शुरू कर दिया. विवाद बढ़ने और उत्पाद विभाग की टीम को बंधक बनाए जाने की सूचना मिलते ही सकरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली.
जांच के बाद आगे होगी कार्रवाई
इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और बंधक बनाई गई उत्पाद विभाग की टीम को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराया. काफी देर तक चले हंगामे के बाद मौके पर स्थिति सामान्य हुई. फिलहाल सकरा थाने की पुलिस उत्पाद विभाग की टीम का बयान दर्ज कर रही है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: मणितोष कुमार